बिलासपुर…थाना सकरी पुलिस ने 20 दिन पुराने अंधेकत्ल के मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी पहले से ही अन्य अपराध में जेल में निरुद्ध है। इस अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझाने में ह्यूमन इंटेलिजेंस, स्थानीय सूत्रों और लगातार सर्विलांस की अहम भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार 8 दिसंबर 2025 को संजू साहनी ने थाना सकरी में मर्ग सूचना दर्ज कराई थी कि उनके पिता प्रहलाद साहनी 7 दिसंबर को हिर्री माइंस इंद्रपुरी से बिलासपुर जाने के लिए निकले थे, लेकिन उनका शव अगले दिन सकरी शराब दुकान के पास मिला। सूचना पर मर्ग कायम कर घटनास्थल का निरीक्षण, पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। मृतक के चेहरे और आंख के पास चोट के निशान पाए गए, जिससे मारपीट की आशंका मजबूत हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

जांच के दौरान शराब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। एक कैमरे में केवल ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली, जिसमें घटना वाली रात करीब 11:30 बजे गाली-गलौच और बहस की आवाजें सुनाई दीं। यह ऑडियो मृतक के परिजनों को सुनाई गई, जिन्होंने गाली देने वाले व्यक्ति की आवाज मृतक प्रहलाद साहनी की होना पहचानी। यह जांच की दिशा तय करने वाला अहम सुराग साबित हुआ।

इसी बीच अगले दिन प्रियनाथ वर्मा उर्फ बाबू अंडा का एक अन्य मामले में स्वयं थाना उपस्थित होकर गिरफ्तारी देना पुलिस के लिए संदेह का कारण बना। इसके बाद पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस, स्थानीय जानकारी और लगभग 20 दिनों के सतत सर्विलांस के जरिए पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं।

जांच में सामने आया कि 7 दिसंबर की रात मृतक शराब के नशे में सकरी शराब दुकान के पास गाली-गलौच कर रहा था। शोर सुनकर पास में रहने वाले पुरूषोत्तम वर्मा उर्फ आसाराम, प्रियांशु वर्मा और प्रियनाथ वर्मा उर्फ बाबू अंडा वहां पहुंचे और मृतक को चिल्लाने से मना किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और तीनों ने मिलकर मृतक के साथ मारपीट की, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। आरोपी उसे उसी हालत में छोड़कर चले गए।

दूसरे दिन सुबह उसी स्थान पर मृतक का शव मिला। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पूछताछ में पुरूषोत्तम वर्मा उर्फ आसाराम और प्रियांशु वर्मा ने अपराध स्वीकार किया, जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। तीसरा आरोपी प्रियनाथ वर्मा उर्फ बाबू अंडा पहले से ही जेल में निरुद्ध है।