बिलासपुर ….जिले में सड़कों पर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले बुलेट मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बिना नंबर प्लेट और मोडिफाइड सायलेंसर के साथ नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले युवकों पर लगाम कसते हुए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बुलेट मोटरसाइकिलों पर वैधानिक कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सघन वाहन जांच की। जांच के दौरान विशेष रूप से उन बुलेट मोटरसाइकिलों को चिन्हित किया गया, जिनमें अवैध रूप से मोडिफाइड सायलेंसर लगाए गए थे और जो बिना नंबर प्लेट सार्वजनिक मार्गों पर दौड़ रही थीं।

पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि कई युवक जानबूझकर बुलेट मोटरसाइकिलों में मोडिफाइड सायलेंसर लगाकर अत्यधिक तेज और धमाके जैसी आवाज निकाल रहे थे। इससे आम राहगीरों के साथ-साथ बुजुर्गों, बच्चों और अस्पतालों के आसपास रहने वाले मरीजों को गंभीर परेशानी हो रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और एकसाथ पूरे जिले में कार्रवाई शुरू की।

अभियान के दौरान बिलासपुर जिले में कुल 24 बुलेट मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई की गई। इनमें सिविल लाइन क्षेत्र से 10, सरकण्डा से 7, तारबहार से 2, सकरी से 1, तोरवा से 2 और कोतवाली क्षेत्र से 2 बुलेट मोटरसाइकिलें शामिल हैं। बिना नंबर प्लेट के वाहनों को मौके पर जप्त किया गया, जबकि मोडिफाइड सायलेंसर लगी बाइकों के अवैध सायलेंसर उतरवाकर जब्त किए गए।

पुलिस ने सभी वाहन चालकों के खिलाफ बीएनएसएस और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। इस संबंध में पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक शांति भंग करना और ध्वनि प्रदूषण फैलाना किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तेज आवाज निकालने वाले मोडिफाइड सायलेंसर न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बनते हैं।

एसएसपी रजनेश सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, बिना नंबर प्लेट वाहन न चलाएं और किसी भी तरह का अवैध मॉडिफिकेशन न करें। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।