LIVE UPDATE
Big newsBilaspurChhattisgarh

अवैध महुआ शराब बेचने की तैयारी कर रहा था आरोपी, पुलिस ने मौके पर ही योजनाओं पर पानी फेर दिया

बिलासपुर…. अवैध नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को तेज करते हुए सीपत पुलिस ने ग्राम बिटकुला में दबिश देकर कच्ची महुआ शराब के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया। मौके से 6 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। पुलिस का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में फैलते नशे के इस नेटवर्क पर लगातार नकेल कसी जा रही है और यह कार्रवाई उसी कड़ी का हिस्सा है।

घटना 27 नवंबर 2025 की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिटकुला में भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब की बिक्री की जा रही है। थाना प्रभारी सीपत ने तत्काल टीम तैयार कर ग्राम बिटकुला की घेराबंदी करवाई। पुलिस टीम मौके पर पहुँची तो आरोपी कन्हैयालाल यादव शराब बिक्री की तैयारी में मिला। पुलिस ने तलाशी के दौरान 6 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद कर उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी शराब बनाने और बेचने की बात से मुकर नहीं सका। पुलिस ने बरामद शराब को विधिवत ज़ब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज किया और उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

सीपत पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और ऐसी कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रहेंगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close