ट्यूशन टीचर की संदिग्ध आत्महत्या, घर के बाथरूम में मिला शव
बाथरूम से महिला का शव बरामद..मृतका की पहचान रजनी देवांगन

भिलाई.. दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में एक 50 वर्षीय महिला ट्यूशन टीचर ने अपने घर में आग लगाकर जान दे दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम से महिला का शव बरामद किया। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है।
सेक्टर-8 की, घर पर चलाती थीं ट्यूशन
मृतका की पहचान रजनी देवांगन के रूप में हुई है। वह सेक्टर-8 भिलाई की निवासी थीं और अपने घर में कक्षा पहली से 12वीं तक के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। पारिवारिक जानकारी के अनुसार, उनके पति निजी कंपनी में इंजीनियर हैं। बेटा डॉक्टर है, जबकि बेटी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है।
धुआं उठता देख पड़ोसियों ने दी सूचना
10 फरवरी की शाम छात्र ट्यूशन पढ़ने पहुंचे तो दरवाजा नहीं खुला। इसी दौरान पड़ोसियों ने घर से धुआं निकलते देखा और तत्काल डायल 112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बाथरूम के भीतर महिला का शव मिला।
सुसाइड नोट बरामद, जांच जारी
घटना की सूचना पर भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी, स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें महिला ने शारीरिक परेशानियों का उल्लेख करते हुए इस कदम के लिए स्वयं को जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।





