बिलासपुर…जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग ने आक्रामक रणनीति के साथ मोर्चा संभाल लिया है। संक्रमण को जड़ से खत्म करने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में बड़े स्तर पर नष्टीकरण की कार्रवाई की गई, जिसमें 22,808 पक्षियों को खत्म किया गया।

संक्रमण की चेन तोड़ने पर फोकस

संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा विभाग के निर्देशन में गठित रैपिड रिस्पांस टीम ने मौके पर पहुंचकर न केवल पक्षियों बल्कि 25,896 अंडों और करीब 79 क्विंटल दाने का भी वैज्ञानिक तरीके से नष्टीकरण किया। पूरी कार्रवाई शासन के तय प्रोटोकॉल के तहत सावधानीपूर्वक की गई, ताकि संक्रमण का दायरा पूरी तरह खत्म किया जा सके।

24 घंटे कंट्रोल रूम, हर सूचना पर नजर

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टोरेट परिसर में 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति या मृत पक्षियों की जानकारी तुरंत लैंडलाइन नंबर 07752-251000 पर दी जाए, ताकि तत्काल कार्रवाई संभव हो सके।

पोल्ट्री फार्म निगरानी में, आवाजाही नियंत्रित

संयुक्त संचालक डॉ. जीएसएस तंवर ने बताया कि जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पोल्ट्री फार्मों की निगरानी बढ़ाई गई है और प्रभावित क्षेत्रों में आवाजाही पर नियंत्रण रखा जा रहा है। पशुपालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

घबराएं नहीं, सतर्क रहें

उन्होंने स्पष्ट किया कि समय पर उठाए गए कदमों से संक्रमण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। आमजन से अपील है कि अफवाहों से दूर रहें और सावधानी व जागरूकता बनाए रखें।