जेवरा जंगल से सागौन की तस्करी.. 5 आरोपी गिरफ्तार
16 लट्ठे, डीजल आरा और पिकअप जब्त; सीपत पुलिस की घेराबंदी में खुली लकड़ी चोरी की खेप

बिलासपुर.. जेवरा जंगल से सागौन काटकर जांजगीर की ओर ले जाई जा रही खेप को सीपत पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। कार्रवाई में 16 नग सागौन के लट्ठे, एक डीजल आरा मशीन और पिकअप वाहन जब्त किया गया। कुल जब्ती की कीमत 2,21,827 रुपये आंकी गई है। पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पन्नी ढकी पिकअप ने खोला राज
26 फरवरी की रात सूचना मिली कि नवापारा ग्राम जेवरा जंगल से सागौन काटकर पिकअप में भरा गया है। टीम ने दबिश दी तो क्रमांक CG-11 AB-0612 पिकअप पन्नी से ढकी मिली। तलाशी में 16 लट्ठे (कीमत 65,827 रुपये) बरामद हुए। लकड़ी काटने में इस्तेमाल डीजल आरा मशीन के साथ ब्लेड 6,000 रुपये और वाहन 1,50,000 रुपये जब्त किया गया।
5 आरोपी गिरफ्तार
- रामचंद कुर्रे, निवासी बिरगहनी, जांजगीर
- संतोष कुमार (50), निवासी बिरगहनी
- जय सिंह ओगरे, निवासी ठरगा बहरा, जांजगीर
- लिल्लू राम पटेल, निवासी महुदा जांजगीर
- रघुवीर सिंह मरावी, निवासी महुदा, जांजगीर
सवाल खड़े,ज़वाब नहीं
सागौन की अवैध कटाई का यह मामला बताता है कि जंगलों में निगरानी की चुनौतियां अभी बाकी हैं। लकड़ी की खेप जिला सीमा पार ले जाई जा रही थी—यह संकेत है कि तस्करी का नेटवर्क स्थानीय स्तर से आगे तक फैला हो सकता है। बहरहाल सीपत पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।





