कोरबा में बदला स्कूल का समय: 5वीं-8वीं की परीक्षा के चलते नई व्यवस्था लागू

कोरबा। जिले में कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी, कोरबा द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
जारी निर्देशों के मुताबिक, कक्षा 5वीं की परीक्षा सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक और कक्षा 8वीं की परीक्षा 9:00 बजे से 12:00 बजे तक आयोजित की जा रही है। इस समय-सारणी के कारण स्कूल संचालन और मध्यान्ह भोजन वितरण में आ रही दिक्कतों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
नया स्कूल टाइम टेबल
आदेश के अनुसार—
- जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों का संचालन अब सुबह 8:00 बजे से 12:30 बजे तक किया जाएगा।
- वहीं 5वीं और 8वीं की परीक्षा समाप्त होने के बाद स्कूल का समय सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
पहले भी हो चुका है बदलाव
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी अप्रैल माह में गर्मी को देखते हुए स्कूल समय में परिवर्तन किया गया था। इस बार परीक्षा और व्यवस्थागत कारणों से यह बदलाव किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षाएं और मूल्यांकन कार्य इस आदेश से प्रभावित नहीं होंगे। यह निर्णय कलेक्टर की अनुमति से लागू किया गया है।





