किराना दुकान की आड़ में शराब बिक्री: पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा, 55 नग देसी शराब जब्त
ठाकुरदेवा में कार्रवाई, नागरिकों की सूचना पर पुलिस की दबिश

बिलासपुर…मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी मल्हार पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। 24 मार्च 2026 को मुखबिर और बीट के नागरिकों से सूचना मिली कि ग्राम ठाकुरदेवा में एक किराना दुकान की आड़ में देसी शराब बेची जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
रेड के दौरान आरोपी अपनी किराना दुकान में देसी शराब बेचते हुए मिला। तलाशी में 55 नग प्लेन देसी शराब बरामद की गई, साथ ही बिक्री से प्राप्त 150 रुपये भी जब्त किए गए। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।
मामले में आरोपी के खिलाफ वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और नागरिकों से मिल रही सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।





