सूरजपुर। जिले के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-2 पर 16 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक लाइफलाइन एक्सप्रेस का संचालन किया जाएगा। इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफलाइन एक्सप्रेस परियोजना के तहत आयोजित इस शिविर में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक ओपीडी चलेगी। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों की निःशुल्क सर्जरी भी की जाएगी।

शिविर में आंखों की जांच और मोतियाबिंद ऑपरेशन, कान संबंधी रोगों की जांच एवं सर्जरी, कटे-फटे होंठ और जलने के बाद बने संकुचन की प्लास्टिक सर्जरी, दांतों की जांच एवं उपचार तथा महिलाओं के लिए स्तन और गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की जांच एवं स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं मुड़े हुए हाथ-पैर की जांच और सर्जरी की सुविधा 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए रहेगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आंखों की ओपीडी 16 से 21 अगस्त तथा सर्जरी 17 से 22 अगस्त तक होगी। कान की ओपीडी 22 से 27 अगस्त और सर्जरी 23 से 28 अगस्त तक चलेगी। मुड़े हुए हाथ-पैर और प्लास्टिक सर्जरी की ओपीडी 28 से 31 अगस्त तथा सर्जरी 29 अगस्त से 1 सितंबर तक की जाएगी। दांतों की जांच एवं उपचार 1 से 5 सितंबर तक होगा। महिलाओं के स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की जांच और स्क्रीनिंग 16 से 21 अगस्त तक की जाएगी।

कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन में जिला प्रशासन ने शिविर की तैयारियां शुरू कर दी हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई है। ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, मितानिन, सखी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को अपने क्षेत्र के पात्र मरीजों की पहचान कर उनका पंजीयन कराने तथा उपचार के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद लोगों तक इस सुविधा का लाभ पहुंच सके।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यकता अनुसार अपना पंजीयन कराएं और आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की जानकारी दें। शिविर में आने वाले मरीज अपने साथ आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या अन्य वैध पहचान पत्र अवश्य लाएं। भर्ती मरीज के साथ एक सहयोगी को रहने की अनुमति रहेगी। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7039673973 पर संपर्क किया जा सकता है।