IPL 2026 MS Dhoni- IPL 2026 में खत्म होगा एक सुनहरा दौर! धोनी, नरेन और स्टार्क समेत ये 5 दिग्गज खिलाड़ी कह सकते हैं क्रिकेट को अलविदा
सीएसके में ऋतुराज गायकवाड़ के कप्तान के रूप में स्थापित होने और संजू सैमसन जैसे दिग्गज के टीम में आने से वह बदलाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिसकी नींव धोनी ने रखी थी। ऐसे में माना जा रहा है कि 'थाला' इस सीजन को अपने फेयरवेल (विदाई) सीजन के रूप में देख रहे हैं।

IPL 2026 MS Dhoni/इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का बिगुल बजने के साथ ही क्रिकेट प्रेमियों के बीच उत्साह चरम पर है। यह सीजन जहां एक ओर अंडर-19 के उभरते सितारों और पहली बार लीग में कदम रखने वाले विदेशी खिलाड़ियों के लिए एक नई शुरुआत लेकर आया है, वहीं दूसरी ओर यह कई महान खिलाड़ियों के शानदार सफर का अंतिम पड़ाव भी साबित हो सकता है।
आईपीएल के इस 19वें सीजन में कुछ ऐसे दिग्गज मैदान पर उतरेंगे, जिन्हें शायद फैंस आखिरी बार अपनी पसंदीदा जर्सी में खेलते हुए देखें। इस सूची में सबसे बड़ा और चर्चित नाम ‘कैप्टन कूल’ एमएस धोनी का है, लेकिन उनके अलावा भी कई ऐसे मैच विनर हैं जिनका आईपीएल करियर इस साल समाप्त होने की कगार पर खड़ा है।
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की जान और करोड़ों फैंस की धड़कन एमएस धोनी इस सीजन में करीब 45 वर्ष के होने जा रहे हैं। आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शुमार धोनी अब तक रिकॉर्ड 278 मैच खेल चुके हैं। पिछले दो-तीन सीजन से उनके संन्यास को लेकर अटकलें जारी हैं, लेकिन इस बार परिस्थितियां कुछ अलग नजर आ रही हैं।
सीएसके में ऋतुराज गायकवाड़ के कप्तान के रूप में स्थापित होने और संजू सैमसन जैसे दिग्गज के टीम में आने से वह बदलाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिसकी नींव धोनी ने रखी थी। ऐसे में माना जा रहा है कि ‘थाला’ इस सीजन को अपने फेयरवेल (विदाई) सीजन के रूप में देख रहे हैं।
धोनी के अलावा ऑस्ट्रेलिया के घातक तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के लिए भी आईपीएल 2026 आखिरी साबित हो सकता है। 36 वर्षीय स्टार्क पहले ही अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए स्टार्क अपनी फिटनेस और वर्कलोड मैनेजमेंट पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। ऐसे में इस बात की प्रबल संभावना है कि वह खुद को तरोताजा रखने के लिए इस व्यस्त लीग से दूरी बना लें। स्टार्क जैसे बड़े गेंदबाज का जाना आईपीएल की गेंदबाजी की चमक को कुछ कम जरूर करेगा।
भारतीय क्रिकेट के अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा भी विदाई की कतार में नजर आ रहे हैं। 37 साल के इशांत आईपीएल के पहले सीजन (2008) से सक्रिय हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। हालांकि, पिछले पांच सीजन के आंकड़े देखें तो वह लगातार प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाए हैं और किसी भी सीजन में 10 मैच भी नहीं खेल सके हैं। वर्तमान में गुजरात टाइटंस का हिस्सा इशांत शर्मा के लिए शारीरिक फिटनेस और बढ़ती उम्र को देखते हुए यह सीजन उनके लंबे करियर का आखिरी पड़ाव हो सकता है।
इसी कड़ी में आईपीएल में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज मनीष पांडे का नाम भी शामिल है। 36 वर्षीय मनीष पांडे के लिए पिछले कुछ साल संघर्षपूर्ण रहे हैं।
साल 2021 के बाद से उन्होंने पांच अलग-अलग टीमों के लिए सिर्फ 28 मैच खेले हैं, जो उनकी गिरती फॉर्म का संकेत है। फिलहाल कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का हिस्सा मनीष के लिए यह सीजन एक ‘फुल सर्कल’ की तरह है, जहां उन्होंने अपने करियर के सबसे सफल पल जिए हैं। संभावना जताई जा रही है कि वह केकेआर की जर्सी में ही अपने आईपीएल सफर को विराम दे सकते हैं।
मनीष पांडे के साथ ही केकेआर के एक और स्तंभ सुनील नरेन के लिए भी यह सीजन निर्णायक हो सकता है। 37 साल के नरेन को लेकर पिछले साल भी रिलीज किए जाने की चर्चा थी। हालांकि वह टीम में बने रहे, लेकिन इस बार उनकी भूमिका में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। टीम में फिन ऐलन और टिम साइफर्ट जैसे विस्फोटक खिलाड़ियों के आने से नरेन के बतौर ओपनर खेलने की संभावनाएं लगभग खत्म हो गई हैं। अगर इस सीजन में वह गेंद से कोई बड़ा करिश्मा नहीं कर पाते हैं, तो केकेआर के इस मिस्ट्री स्पिनर का जादुई सफर इस साल थम सकता है।



