LIVE UPDATE
Sports

India T20 WC Win 2026, अभिषेक के तूफान और बुमराह की घातक गेंदबाजी ने न्यूजीलैंड को किया पस्त, ये रहे जीत के 3 बड़े टर्निंग पॉइंट

India T20 WC Win 2026।अहमदाबाद। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए ऐतिहासिक फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से करारी शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में कीवी टीम 19 ओवर में महज 159 रनों पर सिमट गई।

भारत की इस ‘विराट’ जीत में वैसे तो पूरी टीम का योगदान रहा, लेकिन तीन ऐसे टर्निंग पॉइंट रहे जिन्होंने मैच का पासा पूरी तरह भारत के पक्ष में पलट दिया।

1. अभिषेक शर्मा की फॉर्म में ‘तूफानी’ वापसी

टूर्नामेंट की शुरुआत से ही खराब फॉर्म से जूझ रहे सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने सबसे बड़े मंच पर अपनी चमक बिखेरी। फाइनल से पहले एक-एक रन के लिए संघर्ष कर रहे अभिषेक ने खिताबी मुकाबले में कीवी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। उन्होंने मात्र 21 गेंदों में 247.62 के स्ट्राइक रेट से 52 रन कूटे, जिसमें 6 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। अभिषेक की इस आक्रामक शुरुआत ने न्यूजीलैंड के गेम प्लान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

2. संजू-अभिषेक की रिकॉर्ड 98 रनों की ओपनिंग साझेदारी

जहां एक तरफ अभिषेक आक्रामक थे, वहीं दूसरी तरफ शानदार फॉर्म में चल रहे संजू सैमसन ने संयम और विस्फोटक बल्लेबाजी का बेहतरीन तालमेल दिखाया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 98 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप कर टीम इंडिया को वह नींव दी, जिससे न्यूजीलैंड मैच में कभी वापसी ही नहीं कर पाया। संजू ने इस बड़े मुकाबले में कप्तानी पारी खेलते हुए 46 गेंदों में 89 रनों की आतिशी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 8 छक्के जड़े। इसी पारी की बदौलत भारत 255 के ऐतिहासिक स्कोर तक पहुंच सका।

3. जसप्रीत बुमराह का स्पैल: 15 रन देकर झटके 4 विकेट

अहमदाबाद की सपाट पिच पर 255 रनों के लक्ष्य का बचाव करना चुनौतीपूर्ण हो सकता था, लेकिन दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इसे मुमकिन कर दिखाया। बुमराह ने अपने 4 ओवर के स्पैल में कंजूसी से गेंदबाजी करते हुए मात्र 15 रन दिए और 4 महत्वपूर्ण विकेट (रचिन रवींद्र, मिचेल सैंटनर, जेम्स नीशम और मैट हेनरी) चटकाए। बुमराह की धारदार गेंदबाजी और अक्षर पटेल (3 विकेट) के साथ उनकी जुगलबंदी ने कीवी टीम को 159 रनों पर ढेर कर भारत को तीसरी बार विश्व विजेता बना दिया।

Back to top button
close