Sanju Samson Player of the Series 2026,हार से टूटे हौसले से विश्व कप के शिखर तक, सचिन तेंदुलकर के मार्गदर्शन ने बदली किस्मत
भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताने में संजू सैमसन का अहम योगदान रहा, जिन्होंने टूर्नामेंट के अंतिम तीन मुकाबलों में 97*, 89 और 89 रन की पारी खेली। सैमसन ने इस टूर्नामेंट में 80.25 की औसत के साथ 321 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया।

Sanju Samson Player of the Series 2026।अहमदाबाद। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदकर भारत ने तीसरी बार विश्व विजेता का ताज पहन लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के महानायक बनकर उभरे हैं संजू सैमसन, जिन्हें पूरे टूर्नामेंट में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिताबी जीत के बाद भावुक सैमसन ने अपने संघर्ष, नाकामियों और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर से मिले गुरुमंत्र का खुलासा किया।
संजू सैमसन ने टूर्नामेंट के अंतिम तीन सबसे महत्वपूर्ण मुकाबलों में 97, 89 और 89 रन* की तूफानी पारियां खेलकर भारत की जीत सुनिश्चित की। उन्होंने इस विश्व कप में 80.25 की अविश्वसनीय औसत के साथ कुल 321 रन बनाए। रविवार को फाइनल मैच में भारत के 255 रनों के विशाल स्कोर में सैमसन की 89 रनों की पारी ने न्यूजीलैंड को मैच से बाहर कर दिया।
खिताबी जीत के बाद संजू सैमसन ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज उनके करियर का सबसे बुरा दौर था। उस सीरीज के 5 मैचों में वे केवल 46 रन बना सके थे। सैमसन ने कहा, “न्यूजीलैंड सीरीज के बाद मैं पूरी तरह टूट गया था। मुझे लगा मेरे सपने बिखर गए हैं। लेकिन शायद ईश्वर ने बड़े सपने देखने की हिम्मत करने का मुझे यह इनाम दिया है।”
सैमसन ने आगे बताया कि उनकी इस सफलता की तैयारी दो साल पहले ही शुरू हो गई थी। 2024 वर्ल्ड कप टीम में होने के बावजूद खेलने का मौका न मिलना उनके लिए एक प्रेरणा बन गया। वे लगातार कड़ी मेहनत करते रहे और आज उसी का परिणाम सबके सामने है।
खराब फॉर्म और मानसिक दबाव के बीच संजू को क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का साथ मिला। सैमसन ने खुलासा किया कि पिछले कुछ महीनों से वे लगातार सचिन सर के संपर्क में थे। उन्होंने कहा, “मैंने खुद सचिन सर से संपर्क किया और उनके साथ मेरी लंबी बातचीत हुई। उनके जैसे महान खिलाड़ी से मार्गदर्शन मिलना मेरे लिए सबसे बड़ी बात थी। उन्होंने मेरी तकनीक और मानसिकता पर काम करने में बहुत मदद की।”
𝐂.𝐇.𝐀.𝐌.𝐏.𝐈.𝐎.𝐍.𝐒 🇮🇳#TeamIndia clinch a record 3️⃣rd ICC Men's #T20WorldCup title 🏆
Take. A. Bow 🫡#MenInBlue | #Final | #INDvNZ pic.twitter.com/nml1AZY5tK
— BCCI (@BCCI) March 8, 2026
जीत के बाद अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए संजू ने कहा, “यह सब किसी सपने जैसा लग रहा है। मैं बहुत खुश और आभारी हूं। मेरे पास अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं।” सैमसन ने उन सभी पूर्व खिलाड़ियों और प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उनके कठिन समय में उनका साथ दिया।



