IPL 2026-मिशन टीम इंडिया! इन 5 युवा भारतीय धुरंधरों पर टिकी हैं सबकी नजरें, क्या इस सीजन चमकेगी इनकी किस्मत?
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होगा जिसमें कई भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर जहां नजरें रहेंगी, तो वहीं कुछ नाम ऐसे भी हैं जिनके लिए ये सीजन टीम इंडिया में पहुंचने का रास्ता भी खोल सकता है।

IPL 2026/दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का बिगुल बजने में अब कुछ ही दिन शेष हैं। 28 मार्च को जब डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा, तो मैदान पर सिर्फ चौकों-छक्कों की बारिश ही नहीं होगी, बल्कि कई युवाओं के करियर की नई इबारत भी लिखी जाएगी।
हर साल की तरह इस बार भी आईपीएल भारतीय क्रिकेट को नए सितारे देने के लिए तैयार है। चयनकर्ताओं की पैनी नजरें उन पांच भारतीय खिलाड़ियों पर टिकी होंगी, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में तहलका मचाया है और अब जिनके पास आईपीएल 2026 के जरिए टीम इंडिया का टिकट कटाने का सुनहरा मौका है।
इस फेहरिस्त में सबसे पहला और चौंकाने वाला नाम जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी डार का है। 29 साल के आकिब ने हाल ही में संपन्न हुई रणजी ट्रॉफी में अपनी गेंदबाजी से कोहराम मचाया था। उन्होंने महज 12.72 के अविश्वसनीय औसत से 60 विकेट चटकाकर जम्मू-कश्मीर को पहली बार खिताब दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके इसी कातिलाना प्रदर्शन का नतीजा था कि मिनी ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने 8.4 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि खर्च कर उन्हें अपने साथ जोड़ा।
आकिब के पास अपनी रफ्तार और सटीकता से चयनकर्ताओं के दरवाजे खटखटाने का यह सबसे बड़ा मंच है। वहीं, राजस्थान से ताल्लुक रखने वाले 23 वर्षीय अशोक शर्मा भी इस बार चर्चा का केंद्र रहने वाले हैं। गुजरात टाइटंस के इस गेंदबाज ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में 22 विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की थी। हालांकि वे पहले राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहे थे, लेकिन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला था। इस बार गुजरात की जर्सी में उनका मैदान पर उतरना लगभग तय माना जा रहा है।
स्पिन विभाग में सनराइजर्स हैदराबाद के लेग स्पिनर जीशान अंसारी पर सभी की निगाहें होंगी। 26 साल के जीशान, जो 2016 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा थे, पिछले सीजन में ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे। लेकिन उत्तर प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट में शानदार वापसी करने के बाद अब वे अपनी फिरकी के जाल में बड़े-बड़े बल्लेबाजों को फंसाने के लिए तैयार हैं। हैदराबाद की बल्लेबाजी यूनिट जहां दुनिया भर में खौफ पैदा करती है, वहीं जीशान टीम के गेंदबाजी विभाग की अहम कड़ी साबित हो सकते हैं।
युवाओं की इसी कड़ी में एक और नाम पंजाब के 19 वर्षीय विहान मल्होत्रा का है। विहान ने हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम के लिए बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाया था। आरसीबी ने उन्हें उनके बेस प्राइस पर खरीदकर एक बड़ा दांव खेला है। अगर विहान को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है, तो वे अपनी ऑलराउंडर क्षमता से महफिल लूट सकते हैं।
इन सबके बीच, सबसे ज्यादा रोमांच 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को लेकर है। राजस्थान रॉयल्स के इस नन्हे उस्ताद ने पिछले आईपीएल सीजन में ही अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से दुनिया को हैरान कर दिया था। महज 7 मैचों में ही एक शतक और एक अर्धशतक जड़ने वाले वैभव की उम्र भले ही कम हो, लेकिन उनका आत्मविश्वास बड़े-बड़े गेंदबाजों के पसीने छुड़ाने के लिए काफी है।
इस साल सभी टीमें वैभव के खिलाफ विशेष रणनीति बनाकर उतरेंगी, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वे इस दबाव को कैसे झेलते हैं। वैभव के लिए यह सीजन न केवल खुद को साबित करने का है, बल्कि यह भी दिखाने का है कि वे भारतीय क्रिकेट के अगले ‘वंडर बॉय’ बनने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इन पांचों खिलाड़ियों के लिए आईपीएल 2026 महज एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि टीम इंडिया की नीली जर्सी तक पहुंचने का सबसे सीधा रास्ता है।



