india

IMD Alert: आंधी-तूफान का अलर्ट! मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 25 जून तक उत्तर भारत में देगा दस्तक

बिलासपुर: गर्मी से बेहाल उत्तर भारत के लिए राहत भरी खबर है! दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 10 दिनों में दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों में दस्तक देने को तैयार है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 जून तक मानसून पूरे उत्तर-पश्चिमी भारत को अपनी आगोश में ले लेगा, जिससे तापमान में गिरावट और भारी बारिश का दौर शुरू होगा।

मौसम विभाग के अनुसार, 18 जून तक मानसून मध्य और पूर्वी भारत के बाकी हिस्सों के साथ-साथ उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ इलाकों में पहुंच जाएगा। इसके बाद 19 से 25 जून के बीच यह गति पकड़ेगा और दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिमी भारत के ज्यादातर हिस्सों को कवर कर लेगा।

आमतौर पर 30 जून को दिल्ली पहुंचने वाला मानसून इस बार 22-23 जून तक ही पहुंच सकता है, जो सामान्य समय से पहले है। पश्चिमी बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में भी अगले हफ्ते मानसून के पहुंचने की संभावना है।

राजधानी दिल्ली में आंधी-तूफान का ऑरेंज अलर्ट, राजस्थान में गर्मी से राहत की उम्मीद

बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और मानसून के अनुकूल बनते हालात के कारण 15 से 18 जून के बीच कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार चार दिन तक चली लू के बाद शुक्रवार को तापमान में थोड़ी राहत मिली है। शुक्रवार शाम के लिए दिल्ली में आंधी-तूफान का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जिससे राजधानी वासियों को धूल भरी हवाओं और हल्की बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।

वहीं, भीषण गर्मी की मार झेल रहे राजस्थान में शनिवार से राहत की उम्मीद है। हालांकि, शुक्रवार को भी राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में गर्मी का कहर जारी रहा।

राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो जून 1934 के बाद का सबसे अधिक तापमान है। मानसून के आगमन से इन क्षेत्रों में भी गर्मी से बड़ी राहत मिलने की संभावना है।

Back to top button