LIVE UPDATE
Bilaspur

धूलंडी पर कप्तान खुद मैदान में, हुड़दंगियों पर ताबड़तोड़ एक्शन से बिलासपुर में शांतिपूर्ण रही होली

धूलंडी पर सख्त पहरा: चाकूबाज, हुड़दंगी और उपद्रवियों पर बिलासपुर पुलिस का सीधा एक्शन

बिलासपुर… 4 मार्च की धूलंडी पर जब शहर रंग और उमंग में डूबा था, तब पुलिस सड़कों पर कानून की चौकसी में डटी रही। खुद पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने देर रात तक फील्ड में रहकर हालात की निगरानी की। नतीजा—जिलेभर में होली शांति और गरिमा के साथ संपन्न हुई।

सीपत में चार बदमाश सीधे जेल

थाना सीपत क्षेत्र में आने-जाने वालों से गाली-गलौज और हुड़दंग की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। अरुण कुमार लहर्षण उर्फ चुटाली, सूरज सूर्यवंशी, उमेश केसर और दिलीप कुर्रे को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा गया।

सरकण्डा में चाकू लहराते तीन गिरफ्तार

थाना सरकण्डा की पेट्रोलिंग टीम ने सूर्या चौक चिंगराजपारा में राहुल उर्फ रूपेश गोड़ को आम रास्ते पर हुड़दंग करते पकड़ा। तलाशी में धारदार चाकू मिला। अगले दिन सूरज उर्फ मोनू ध्रुव और छोटू उर्फ दीपक ठाकुर को भी चाकू लहराते घेराबंदी कर पकड़ा गया। तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में कार्रवाई हुई।

सिविल लाइन, सिरगिट्टी में सरप्राइज चेकिंग

थाना सिविल लाइन क्षेत्र के दीनदयाल कॉलोनी मंगला में लखन साहू के कब्जे से बटनदार चाकू बरामद हुआ। वहीं थाना सिरगिट्टी के तिफरा यदुनंदन नगर में समर बोराकर को धारदार हथियार के साथ पकड़ा गया। दोनों मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तारी कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, नशे में ड्राइविंग वार

सिविल लाइन क्षेत्र में उपद्रवी तत्वों और संदेहियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर सघन चेकिंग के दौरान सात वाहन चालकों पर नशे में वाहन चलाने के आरोप में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।

त्योहार पर कानून से खिलवाड़ नहीं

पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग, सरप्राइज चेकिंग और त्वरित गिरफ्तारी ने संभावित अव्यवस्था को पनपने नहीं दिया। कप्तान से लेकर थाना स्तर तक अधिकारी मैदान में सक्रिय रहे। यही वजह रही कि धूलंडी पर जिले में कहीं बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई और होली का उत्सव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close