LIVE UPDATE
आपणों राजस्थान

मफलर से मुंह छिपाया, फिर भी नहीं बच पाया: स्कूल जा रही छात्रा से छेड़छाड़ करने वाला 24 घंटे में गिरफ्तार

भवानीमंडी पुलिस की बड़ी सफलता: रूट एनालिसिस से पकड़ा गया 37 वर्षीय शादीशुदा आरोपी

झालावाड़। राजस्थान के झालावाड़ जिले में पुलिस ने महिला सुरक्षा और अपराधियों पर नकेल कसने की दिशा में तत्परता दिखाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो स्कूल जा रही एक 11 वर्षीय मासूम छात्रा का पीछा कर उसे अगवा करने की फिराक में था। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मफलर बांध रखा था, लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच और रूट एनालिसिस के आगे उसकी सारी चालाकी धरी की धरी रह गई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की पूरे इलाके में सराहना हो रही है।

घटनाक्रम के अनुसार, 6 दिसंबर की सुबह एक 11 साल की छात्रा अपने घर से पैदल स्कूल जा रही थी। तभी पीछे से बाइक पर आए एक अज्ञात शख्स ने उसे रोका। आरोपी ने बच्ची को पहले 10 रुपये का लालच दिया और उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठने को कहा। बच्ची ने समझदारी दिखाते हुए मना कर दिया और आगे बढ़ गई।

इसके बावजूद आरोपी नहीं माना और वह थोड़ी दूर जाकर वापस लौटा। इस बार उसने बच्ची को 100 रुपये देने और सुबह 10 बजे तक वापस छोड़ देने का झांसा देकर जबरन बाइक पर बैठाने का दबाव बनाया। आरोपी की इन हरकतों से बच्ची बुरी तरह डर गई।

घबराई हुई छात्रा वहां से भागकर पास ही स्थित एक चाय की दुकान पर पहुंच गई और रोने लगी। बच्ची को सुरक्षित स्थान की ओर भागता देख और लोगों के जुटने के डर से मफलर बांधे आरोपी भवानीमंडी की तरफ फरार हो गया।

शाम को जब बच्ची के पिता ड्यूटी से घर लौटे और उन्हें आपबीती पता चली, तो उन्होंने तुरंत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर एएसपी भागचंद मीणा और सीओ प्रेम कुमार के मार्गदर्शन में थानाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

चूंकि आरोपी ने अपना चेहरा ढका हुआ था, इसलिए उसकी पहचान करना पुलिस के लिए एक चुनौती थी। लेकिन पुलिस टीम ने घटना के वक्त के रूट का एनालिसिस किया और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला।

इसी आधार पर पुलिस ने 37 वर्षीय आरोपी रितेश कुमार (पुत्र रमेशचंद भील), निवासी पचपहाड़ को ट्रेस कर 24 घंटे के अंदर दबोच लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली है। जांच में सामने आया कि आरोपी शादीशुदा है और वह अपनी पत्नी को काम पर छोड़कर लौट रहा था, तभी उसने इस शर्मनाक हरकत को अंजाम दिया।

Back to top button
close