फरियादियों की सुविधा से लेकर रिकॉर्ड तक, आईजी ने थानों की परखी हकीकत
पुलिसिंग को हाईटेक बनाने की दिशा में कदम, आईजी ने दिए तकनीकी सुधार के निर्देश

बिलासपुर…पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने शुक्रवार को जिले के सिविल लाइन और तोरवा थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी अंशिका जैन भी उनके साथ मौजूद रहीं।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाना परिसरों की साफ-सफाई, फरियादियों के बैठने की व्यवस्था और थानों के भीतर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने थानों में संधारित रजिस्टरों की जांच कर रिकॉर्ड को अद्यतन और दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने और थाने आने वाले फरियादियों से विनम्र, संवेदनशील व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया।
आईजी ने थानों में फीडबैक प्रणाली को मजबूत करने के लिए ‘अनुभव’ अभियान के तहत क्यूआर कोड लगाने और चोरी हुए वाहनों की शत-प्रतिशत बरामदगी के उद्देश्य से ‘सशक्त’ ऐप में चोरी व लावारिस वाहनों की प्रविष्टि में तेजी लाने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि तकनीक का बेहतर उपयोग पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बना सकता है।
सिविल लाइन और तोरवा थाना निरीक्षण के बाद पुलिस महानिरीक्षक ने रक्षित केंद्र बिलासपुर का भी भ्रमण किया। यहां उन्होंने निर्माणाधीन रक्षित निरीक्षक कार्यालय की प्रगति की जानकारी ली और कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उद्देश्य पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि रेंज में पदस्थापना के बाद यह दौरा जिले की पुलिसिंग की स्थिति समझने, थानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने और पुलिस अधिकारियों की समस्याओं से रूबरू होने के लिए किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरियादियों के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और ऐसे निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
आईजी ने यह भी कहा कि जिले के थानों और पुलिस बल को हाईटेक बनाना, मोबाइल ऐप और आधुनिक तकनीकों के उपयोग में सक्षम करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता है, जिस दिशा में काम शुरू हो चुका है और इसके सकारात्मक परिणाम जल्द ही फील्ड स्तर पर दिखाई देंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि पुलिस महानिरीक्षक द्वारा दिए गए व्यवस्था सुधार और तकनीकी उन्नयन से जुड़े सभी निर्देशों का जिले में प्रभावी ढंग से पालन कराया जाएगा।





