सुबह-सुबह तहसील भवन में भड़की आग, रिकॉर्ड बचाने की जंग..
तहसील परिसर में भीषण आग, दमकल और प्रशासन की दौड़भाग

बलौदाबाजार…शहर के तहसील परिसर में शुक्रवार तड़के अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। आग की शुरुआत परिसर में स्थित डीएसपी कार्यालय की पुरानी इमारत की ओर से हुई बताई जा रही है, जो धीरे-धीरे तहसीलदार कार्यालय की दिशा में फैलने लगी।
तड़के लगी आग, तुरंत पहुंचा अमला
सुबह करीब पांच बजे आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। हालात को देखते हुए सबसे पहले तहसील कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और दस्तावेजों को सुरक्षित बाहर निकलवाने की व्यवस्था की गई, ताकि किसी तरह का नुकसान न हो।
कई दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की गाड़ियों के साथ आसपास के सीमेंट संयंत्रों से भी दमकल वाहन बुलाए गए। घंटों की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया। इस दौरान परिसर के कुछ हिस्सों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
रिकॉर्ड रूम सुरक्षित
मौके पर मौजूद एसडीएम प्रकाश कोरी ने बताया कि आग की चपेट में तहसीलदार कार्यालय और आसपास के कुछ हिस्से आए हैं, लेकिन रिकॉर्ड रूम को पूरी तरह सुरक्षित बचा लिया गया। समय रहते दस्तावेजों को बाहर निकाल लेने से बड़ा नुकसान टल गया।
कारणों की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।





