कमीशनखोरी के आरोप से फूटा किसानों का गुस्सा: वाड्रफनगर सहकारी बैंक के सामने चक्काजाम
भुगतान रोका, कमीशन मांगा! नाराज किसानों ने बैंक के सामने सड़क जाम की

बलरामपुर / वाड्रफनगर..( पृथ्वी लाल केशरी)..जिले में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के दावों के बीच वाड्रफनगर सहकारी बैंक के सामने किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। भुगतान में कथित अनियमितता और कमीशनखोरी के आरोपों से नाराज बड़ी संख्या में किसान मंगलवार शाम बैंक परिसर पहुंच गए और बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
भुगतान के बदले कमीशन की मांग
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आरोप लगाया कि कई दिनों से वे अपने भुगतान के लिए बैंक के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें लगातार टालमटोल का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि बैंक से भुगतान तभी हो रहा है जब बिचौलियों के माध्यम से पहुंचा जाए या कमीशन देने के लिए तैयार रहा जाए।
किसानों के मुताबिक जो लोग बिचौलियों के जरिए बैंक तक पहुंचते हैं, उनका भुगतान तुरंत कर दिया जाता है, जबकि सीधे आने वाले किसानों को बार-बार परेशान किया जा रहा है।
आक्रोशित किसानों का चक्काजाम
स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब नाराज किसानों ने बैंक के सामने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान मौके पर जुट गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चक्काजाम के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ और कुछ समय तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
भ्रष्टाचार के आरोप, जांच की मांग
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बैंक प्रबंधन पर भ्रष्टाचार और किसानों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। किसानों का कहना है कि सरकार किसानों के हित में कई योजनाएं चला रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार के कारण उन्हें उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
किसानों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सभी किसानों का भुगतान बिना किसी कमीशन के तुरंत किया जाए।





