LIVE UPDATE
Big news

तनेरा गांव में हाथी का आतंक..घर लौट रहे किसान को पटका..मौके पर मौत

कोरबा..छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मानव-हाथी संघर्ष का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। कटघोरा वनमंडल के पसान परिक्षेत्र अंतर्गत तनेरा ग्राम के गोरिल्ला डांड़ में रविवार दोपहर एक दंतैल हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत हो गई।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय धन सिंह गोंड़ के रूप में हुई है। बताया गया कि धन सिंह दोपहर करीब ढाई बजे खेत के पास जंगल से जलाऊ लकड़ी लेकर घर लौट रहे थे। तभी अचानक उनका सामना एक लोनर दंतैल हाथी से हो गया। धन सिंह ने भागकर अपनी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले कि वे सुरक्षित जगह पहुंच पाते, हाथी ने उन्हें सूंड से उठा कर जोर से जमीन पर पटक दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पसान रेंजर मनीष सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने हमलावर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा और ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश दी। विभाग ने नियमानुसार मृतक परिवार को 25 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की है।

हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि हाथियों की लगातार मौजूदगी से उनका जीवन संकट में है। यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे गांव छोड़ने के लिए मजबूर होंगे।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close