LIVE UPDATE
Bilaspur

एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम: पोरबंदर पुलिस का दल बिलासपुर पहुंचा, 20 दिन तक पुलिसिंग का अध्ययन

पुलिसिंग के अनुभव साझा करने की पहल, पोरबंदर से आया दल बिलासपुर में करेगा 20 दिन अध्ययन

बिलासपुर…एक भारत श्रेष्ठ भारत” के तहत चल रहे स्टेट पुलिस कल्चर एक्सचेंज प्रोग्राम के 14वें चरण में गुजरात के पोरबंदर जिले से 15 अधिकारी और कर्मचारियों का दल बिलासपुर पहुंचा। बिलासपुर रेंज में अगले 20 दिनों तक यह दल यहां की पुलिसिंग व्यवस्था, अपराध नियंत्रण रणनीतियों और सामुदायिक पुलिसिंग मॉडल का अध्ययन करेगा।

डीआईजी-एसएसपी ने किया स्वागत

आगमन पर बिलासपुर के पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने दल का औपचारिक स्वागत किया और अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान बिलासपुर पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण की रणनीति, जनजागरूकता अभियानों और सामुदायिक सहभागिता आधारित पुलिसिंग की जानकारी साझा की गई।

 साइबर सेल तक कार्यप्रणाली समझेंगे

अगले 20 दिनों में गुजरात पुलिस का दल बिलासपुर रेंज की विभिन्न इकाइयों का अवलोकन करेगा। इसमें थाना और चौकी संचालन, पुलिस लाइन, यातायात प्रबंधन, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और जिले की भौगोलिक स्थिति से जुड़े पुलिसिंग पहलुओं का अध्ययन शामिल रहेगा।

दल को अपराध की प्रकृति और उनके रोकथाम के उपायों की भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

चेतना अभियान” मॉडल की जानकारी

पुलिस द्वारा संचालित चेतना अभियान समेत विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अपराध रोकथाम और नागरिक सहभागिता के प्रयासों को भी दल के सामने रखा जाएगा। उद्देश्य यह है कि समुदाय आधारित पुलिसिंग के सफल प्रयोगों को साझा किया जा सके।

प्रशासनिक और सांस्कृतिक संस्थानों का भ्रमण

कार्यक्रम के दौरान दल को उच्च न्यायालय, न्यायिक अकादमी, प्रमुख पर्यटन स्थल तथा धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इससे राज्य की सामाजिक-सांस्कृतिक संरचना और प्रशासनिक व्यवस्था की समग्र जानकारी मिल सकेगी।

पुलिस सहयोगी तंत्र की भूमिका भी समझेंगे

गुजरात पुलिस का दल रेडियो शाखा, विशेष शाखा, फिंगर प्रिंट यूनिट, एफएसएल, नगर सेना, एसडीआरएफ और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल जैसे सहयोगी तंत्र के समन्वित कार्यों को भी समझेगा, जिनके जरिए अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को सहयोग मिलता है।

दो राज्यों की पुलिसिंग अनुभव साझा करने पर जोर

कार्यक्रम के तहत बिलासपुर रेंज के अन्य जिलों की पुलिसिंग गतिविधियों का भी अवलोकन कराया जाएगा। इस आदान-प्रदान के जरिए दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने और आधुनिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button