LIVE UPDATE
Bilaspur

समझाइश का असर: फिर गूंजा हथौड़ा, अधूरे घरों में लौटी उम्मीद

महीनों से ठंडे बस्ते में पड़े निर्माण कार्यों में अब फिर से हलचल

बिलासपुर…प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत होकर भी महीनों से ठंडे बस्ते में पड़े निर्माण कार्यों में अब फिर से हलचल दिखाई देने लगी है। जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल के निर्देश के बाद ग्राम पंचायतों ने हितग्राहियों से लगातार संवाद किया, समझाइश दी और प्रेरित किया—जिसका असर अब जमीन पर नजर आ रहा है।

तखतपुर विकासखंड के ग्राम भरारी में वर्ष 2025-26 में स्वीकृत आवास के हितग्राही विजय कुमार उजागर का मकान लंबे समय से प्लिंथ स्तर से आगे नहीं बढ़ पा रहा था। पंचायत प्रतिनिधियों और आवास मित्र की सतत पहल के बाद अब निर्माण कार्य दोबारा शुरू हुआ है और केंद्र स्तर तक पहुंच चुका है। निर्माण में दिखाई गई सक्रियता और गंभीरता को देखते हुए ग्राम पंचायत ने उन्हें श्रीफल और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया।

इसी तरह गांव के अन्य हितग्राही—दीना राम यादव, सावित्री बाई, कमलेश निर्मलकर, बलि राम और सरस्वती—जिनके आवास निर्माण कार्य तीन से चार महीने से रुके हुए थे, उन्होंने भी पुनः निर्माण शुरू कर दिया है। पंचायत ने इन सभी का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतीकात्मक सम्मान किया और समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने का आग्रह किया।

पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि हितग्राहियों को तकनीकी मार्गदर्शन और नियमित निगरानी के माध्यम से सहयोग दिया जा रहा है, ताकि वे शीघ्र ही अपने पक्के घर में प्रवेश कर सकें।

ग्रामीणों का मानना है कि संवाद और सकारात्मक पहल से योजनाएं कागज से निकलकर हकीकत में बदलती हैं। भरारी गांव में अब अधूरे ढांचे फिर से आकार ले रहे हैं—और उनके साथ लौट रही है अपने घर की छत की उम्मीद।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close