संभागायुक्त दुग्गा का सख़्त निर्देश: ‘एसआईआर में ढिलाई बर्दाश्त नहीं’, कई मतदान केंद्रों की कार्यप्रगति पर जताई नाराज़गी

बलरामपुर (पृथ्वी लाल केशरी)..सरगुजा संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने रविवार को राजपुर और शंकरगढ़ विकासखंड के कई क्षेत्रों का दौरा करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों में चल रही डिजिटल प्रविष्टियों, गणना पत्रकों और ब्लॉक स्तर पर चल रही प्रक्रियाओं की गहराई से समीक्षा की। कई जगह कार्य की गति धीमी मिलने पर आयुक्त ने नाराज़गी भी जताई और स्पष्ट शब्दों में कहा— एसआईआर कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार्य नहीं। समय-सीमा पवित्र है, इसे हर हाल में पूरा किया जाए।
संभागायुक्त ने राजपुर और परसागुड़ी के तीन मतदान केंद्रों में पहुँचकर रिकॉर्डों की जांच की और विफलताएं तुरंत दूर करने का निर्देश दिया। वहीं शंकरगढ़ क्षेत्र में कमारी, दोहना, सरगंवा और डीपाडीह मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करते हुए उन्होंने बीएलओ को जिम्मेदारी समझने और त्रुटि रहित गणना पत्रक शीघ्र जमा करने के निर्देश दिए।
अयुक्त दुग्गा ने एप आधारित डिजिटाइजेशन की प्रगति की भी समीक्षा की और कहा कि एसआईआर प्रक्रिया राज्य की चुनावी शुचिता की रीढ़ है, इसलिए हर अधिकारी को इसे मिशन मोड में लेना होगा। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजपुर देवेंद्र प्रधान, शंकरगढ़ एसडीओपी अनमोल विवेक टोप्पो, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद सीईओ, अविहित अधिकारी एवं बीएलओ सुपरवाइजर मौजूद रहे।




