युवक का शव बरामद: प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला, हत्या या आत्महत्या की जांच में जुटी पुलिस

धनबाद… झरिया के घनुवाडीह क्षेत्र स्थित पांडेबेड़ा के पास शनिवार को झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान बोकारो निवासी 22 वर्षीय तुषार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तुषार का झरिया की एक युवती से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
ओपी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत हत्या है या आत्महत्या।
वायरल वीडियो पर परिवार का आरोप
तुषार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें वह खुदकुशी की बात करते दिख रहा है। हालांकि परिवार का आरोप है कि वीडियो दबाव में रिकॉर्ड कराया गया है और यह एक सुनियोजित हत्या है।
मृतक के मामा गिरधारी सिंह के मुताबिक, तुषार 11 नवंबर को नौकरी के सिलसिले में ओडिशा जाने के लिए चंद्रपुरा स्टेशन निकला था, पर वहां पहुंचा ही नहीं। संपर्क न होने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और चंद्रपुरा थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस द्वारा CCTV खंगालने के बाद तुषार का मोबाइल लोकेशन लोदना क्षेत्र में ट्रेस हुआ। लोकेशन के आधार पर परिजन पांडेबेड़ा पहुंचे, जहाँ झाड़ियों में शव मिला।
युवती और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप
परिजन सरिता देवी ने बताया कि युवती के परिवार ने कुछ दिन पहले तुषार को जान से मारने की धमकी दी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना स्थल से कई संदिग्ध लोग गायब थे, जिससे संदेह और गहरा हो रहा है।
पुलिस जल्द ही युवती और उसके परिजनों से पूछताछ शुरू करने वाली है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही सच सामने आएगा।





