किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त का वितरण 13 मार्च को

किसान सम्मान निधि/पन्ना /प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त राशि का वितरण किसान हितग्राहियों को शुक्रवार, 13 मार्च को किया जाएगा। इसे पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाने के लिए आयुक्त भू संसाधन प्रबंधन कार्यालय द्वारा आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला और विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने, निर्धारित स्थानों पर कार्यक्रम के लाइव टेलीकास्ट की व्यवस्था सहित ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम प्रसारण की व्यवस्थाओं के लिए निर्देशित किया गया है।
पटवारियों को नियत ग्रामों के लिए विलेज नोडल अधिकारी के रूप में भी नामांकित किया गया है। नोडल अधिकारी द्वारा किसानों को कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही कृषकों को किस्त प्राप्ति के लिए ई-केवायसी, आधार व बैंक खाता लिंकिंग एवं पीएम किसान पोर्टल पर स्टेटस अवलोकन करने संबंधी जानकारी भी दी जाएगी।
जिला कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और जनपद पंचायत सीईओ को कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों व हितग्राहियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने सहित अन्य जरूरी प्रबंध के संबंध में निर्देश दिए हैं।
असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए केन्द्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का संचालन किया जा रहा है। इसमें पंजीकरण के लिए आगामी 15 मार्च तक कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से विशेष अभियान संचालित है। इस महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना में 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर तीन हजार रूपए मासिक पेंशन मिलती है।
श्रम निरीक्षक वेदमणि दहिया ने बताया कि पन्ना जिले के 18 से 40 वर्ष आयु के श्रमिक भी योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए मासिक आय 15 हजार रूपए अथवा कम होना चाहिए। श्रमिक और केन्द्र सरकार द्वारा बराबर अंशदान किया जाता है। रिक्शा चालक, रेहड़ी पटरी विक्रेता, निर्माण मजदूर, घरेलू कामगार, कृषि श्रमिक, कूड़ा बीनने वाले, मोची, दर्जी, धोबी व नाई इत्यादि श्रमिक पंजीकरण के उपरांत योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। जिले के सभी असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों से योजना का लाभ उठाने की अपील की गई है।





