LIVE UPDATE
Bilaspur

कंटेनर से करोड़ों का गांजा बरामद – पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई, मास्टरमाइंड की तलाश में छापेमारी!

रायपुर/दुर्ग…. छत्तीसगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 388 किलो गांजा जब्त किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में कुम्हारी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने 95 हजार रुपये नकद, 25 लाख रुपये मूल्य का कंटेनर और 51 लाख रुपये का अन्य सामान भी जब्त कर कुल 1.53 करोड़ रुपये का माल कब्जे में लिया। गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि मास्टरमाइंड ‘शाहिद’ की तलाश जारी है।

टोल प्लाज़ा पर बिछा जाल
7 सितंबर की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रायपुर से दुर्ग की ओर गांजा लेकर एक कंटेनर जा रहा है। इसके बाद कुम्हारी टोल प्लाज़ा पर पुलिस ने जाल बिछाकर वाहन नंबर NL01-AH-9524 को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर गांजा बरामद हुआ और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया।

ड्राइवर का कबूलनामा
गिरफ्तार ड्राइवर उमेश यादव (46), निवासी मधुबनी, बिहार ने पूछताछ में स्वीकार किया कि कंटेनर कोलकाता से रवाना हुआ था। उड़ीसा के देवघर में 13 बोरी गांजा लोड कर उसे नागपुर ले जाना था। वहां ‘शाहिद’ नामक व्यक्ति को यह खेप सौंपनी थी। उसने बताया कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी कई खेप डिलीवर की जा चुकी हैं।

कंटेनर से निकला गांजे का जखीरा
तलाशी में कंटेनर से कुल 13 प्लास्टिक बोरी बरामद हुईं। हर बोरी में 29 से 30 पैकेट थे। पुलिस ने कुल 388 पैकेट यानी 388 किलो गांजा जब्त किया। यह सामग्री कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सूचीबद्ध की गई।

गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
गिरफ्तारी के दौरान नागपुर में ट्रैप लगाकर मुस्ताक अहमद (34) और फयाज अंसारी (24) को दबोचा गया। दोनों आरोपी नागपुर के निवासी हैं और लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय बताए जा रहे हैं। जबकि मास्टरमाइंड ‘शाहिद’ अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

बरामद सामग्री
पुलिस ने कुल 1.53 करोड़ रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की। इसमें 388 किलो गांजा (60 लाख), 95 हजार रुपये नकद, 25 लाख का कंटेनर और 51 लाख रुपये का अन्य सामान शामिल है। इसे राज्य में नशा कारोबार पर कड़ी चोट बताया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी
इस कार्रवाई में उमेश यादव (मधुबनी, बिहार), मुस्ताक अहमद (नागपुर, महाराष्ट्र) और फयाज अंसारी (नागपुर, महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में जांच तेज कर दी है।

गिरोह का नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरोह का संचालन कोलकाता से उड़ीसा होते हुए नागपुर और फिर छत्तीसगढ़ तक फैला है। ‘शाहिद’ इसके नेटवर्क का मुख्य संचालक है। पुलिस को शक है कि यह गिरोह कई राज्यों में सक्रिय है।

पुलिस का बयान
एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा, “नशे का कारोबार समाज को बर्बाद कर रहा है। पुलिस की यह कार्रवाई गिरोह के लिए करारा झटका है। हम मास्टरमाइंड शाहिद की तलाश में लगातार दबिश दे रहे हैं और अपराधियों को कानून के दायरे में लाकर ही दम लेंगे।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close