LIVE UPDATE
india

होमवर्क न करने पर मासूम की बेरहमी से पिटाई, टीचर ने दी गला घोंटने की धमकी

बेंगलुरु में चौथी कक्षा के एक छात्र को होमवर्क न करने पर शिक्षिका ने बेरहमी से पीटा, जिससे उसके सिर और शरीर पर चोटें आईं. मां लक्ष्मी ने बेटे के शरीर पर चोट के निशान देखकर घटना का खुलासा किया. शिक्षिका ने बच्चे को धमकी दी थी, जिसके कारण उसने पहले कुछ नहीं बताया. स्कूल प्रशासन की लापरवाही के बाद मां ने नंदिनी लेआउट पुलिस में FIR दर्ज कराई है और अब शिक्षा अधिकारी से भी शिकायत करेगी.

बेंगलुरु /बेंगलुरु के नंदिनी लेआउट से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने शिक्षा के मंदिर को कटघरे में खड़ा कर दिया है। यहां के ‘वीणा विद्या संस्थान’ में चौथी कक्षा के एक मासूम छात्र के साथ उसकी शिक्षिका द्वारा की गई क्रूरता ने मानवता को झकझोर कर रख दिया है।

यह मामला बीते 10 जनवरी का है, लेकिन इसका खुलासा तब हुआ जब महाराष्ट्र में काम करने वाली छात्र की मां लक्ष्मी अपने बेटे से मिलने हॉस्टल पहुंचीं। बेटे के शरीर और हाथों पर गहरे जख्म के निशान देखकर मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। पूछने पर मासूम फूट-फूटकर रोने लगा और अपनी अंग्रेजी की शिक्षिका एंग्लिन की हैवानियत की दास्तां बयां की।

बच्चे ने अपनी मां को बताया कि होमवर्क न करने की छोटी सी बात पर शिक्षिका ने उसे इतनी बेरहमी से पीटा कि उसके सिर में भी गंभीर चोट आई।

इतना ही नहीं, शिक्षिका ने मासूम को डराने के लिए उसे भयानक धमकी दी थी कि अगर उसने अपने माता-पिता को इस बारे में कुछ भी बताया, तो वह उसका गला घोंट देगी।

यही वजह थी कि बच्चा पिछले दो महीनों से इस दर्द और खौफ को अपने सीने में दबाए बैठा था और स्कूल जाने से भी कतराने लगा था। मां लक्ष्मी जब न्याय की उम्मीद में स्कूल के प्रधानाचार्य के पास पहुंचीं, तो वहां से भी उन्हें केवल निराशा और संवेदनहीनता ही हाथ लगी।

लक्ष्मी ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने स्कूल प्रशासन से आरोपी शिक्षिका को तुरंत निलंबित करने की मांग की थी। कुछ समय बाद जब वह यह सोचकर अपने बेटे को स्कूल छोड़ने गईं कि शायद अब तक शिक्षिका पर कार्रवाई हो गई होगी, तो वह यह देखकर दंग रह गईं कि आरोपी टीचर अभी भी स्कूल में ही मौजूद थी। स्कूल प्रबंधन ने इस गंभीर मामले में भी घोर लापरवाही बरती, जिससे आहत होकर मां ने आखिरकार गुरुवार को नंदिनी लेआउट पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई।

पीड़ित छात्र की मां लक्ष्मी ने अपना दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके बच्चे को पिछले दो महीनों से लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

पुलिस में मामला दर्ज होने के बावजूद स्कूल प्रशासन द्वारा शिक्षिका को संरक्षण देना उनकी कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े करता है। लक्ष्मी ने अब इस मामले को ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) के समक्ष ले जाने का फैसला किया है।

Back to top button