Chhattisgarh Couple Suicide-इकलौते बेटे की जुदाई बर्दाश्त नहीं कर सके माता-पिता, वीडियो बना खुद को शिव में किया अर्पण
वीडियो में मृतक कृष्णा पटेल अपने वकील से मार्मिक अपील करते नजर आ रहे हैं कि उनके दिवंगत बेटे आदित्य के एक्सीडेंट क्लेम की राशि उनके भाइयों, कुलबहरा और जलबहरा पटेल को दिला दी जाए। वहीं, सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा कि वे पूरी तरह होशोहवास में अपनी इच्छा से खुद को 'शिव' में अर्पण कर रहे हैं।

Chhattisgarh Couple Suicide/छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां जवान बेटे की मौत के सदमे से उबर न पाने के कारण एक दंपत्ति ने मौत को गले लगा लिया।
शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के धरदेई गांव में रहने वाले कृष्णा पटेल (48) और उनकी पत्नी रमाबाई (47) ने रविवार देर रात अपने घर के आंगन में लगे पेड़ से एक ही फंदे पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह जब पड़ोसियों ने दोनों के शव लटकते देखे, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
इस आत्मघाती कदम को उठाने से पहले दंपत्ति ने एक भावुक वीडियो बनाया और चार पन्नों का सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जो उनकी मानसिक पीड़ा को बयां करता है।
वीडियो में मृतक कृष्णा पटेल अपने वकील से मार्मिक अपील करते नजर आ रहे हैं कि उनके दिवंगत बेटे आदित्य के एक्सीडेंट क्लेम की राशि उनके भाइयों, कुलबहरा और जलबहरा पटेल को दिला दी जाए। वहीं, सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा कि वे पूरी तरह होशोहवास में अपनी इच्छा से खुद को ‘शिव’ में अर्पण कर रहे हैं। उन्होंने परिजनों से यह भी प्रार्थना की कि उन्हें दुखी मन से नहीं, बल्कि प्रसन्नचित होकर विदाई दी जाए, क्योंकि वे अब मानसिक अशांति से मुक्त होकर शांति की तलाश में जा रहे हैं।
इस त्रासदी की जड़ें साल 2024 में हुए एक सड़क हादसे से जुड़ी हैं, जिसमें दंपत्ति के इकलौते बेटे आदित्य पटेल (21) की जान चली गई थी। कृष्णा पटेल, जो पेशे से राजमिस्त्री थे, अपने बेटे को ही अपना संसार मानते थे। सुसाइड नोट में उन्होंने आदित्य को एक आज्ञाकारी पुत्र और अपना सबसे अच्छा मित्र बताया। पिता ने उस पल को अपने जीवन की सबसे बड़ी भूल बताया जब उन्होंने आदित्य को मंदिर निर्माण के काम के लिए बाहर भेजा था, जहां से वह कभी वापस नहीं लौटा। बेटे की मौत के बाद से ही घर की खुशियां खत्म हो गई थीं और माता-पिता लगातार गहरे अवसाद में थे।
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में यह भी लिखा है कि लंबे अंतराल के बाद अब उनके मन की पीड़ा अशांति से मुक्त हो गई है और उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है जैसे ईश्वर उन्हें अपनी ओर खींच रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस घटना के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है। फिलहाल, शिवरीनारायण पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड नोट व वीडियो को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.Chhattisgarh Couple Suicide




