LIVE UPDATE
Bilaspur

CG NEWS:4c एयरपोर्ट बनाने के लिए तेज होगा आंदोलन, हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने सभी जनप्रतिनिधियों और जन संगठनों से समर्थन मांगा

CG NEWS:बिलासपुर । हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट को 4c बनाने के लिए फिर से एक बार सभी जनप्रतिनिधियों और जन संगठनों को सक्रिय करने की मुहीम चालू करने का फैसला किया है। गौरतलब है कि 4 सालों से विभिन्न अवसरों पर एवं हाईकोर्ट में राज्य सरकार के द्वारा 4c एयरपोर्ट बनाने के कमिटमेंट के बावजूद हाल ही में अपनाए गए ढुलमुल रवैया की आम जनता में कड़ी आलोचना हो रही है।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने बेलतरा के विधायक सुशांत शुक्ला द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को एयरपोर्ट के विकास के लिए पत्र लिखने का स्वागत करते हुए कहा कि सभी चुने हुए जनप्रतिनिधियों को इस मामले को प्राथमिकता से लेना चाहिए और राज्य एवं केंद्र सरकार पर दबाव बनाकर बिलासपुर में शीघ्र अति शीघ्र 4c एयरपोर्ट का निर्माण करना चाहिए। पहले से ही यह काम पीछे हो चुका है और यदि आज सभी ने सक्रियता नहीं दिखाई तो आने वाले 10 – 20 साल बिलासपुर में एक सर्वे सुविधायुक्त एयरपोर्ट नहीं बन सकेगा। समिति ने बिलासपुर जिले के सभी जन संगठनों सामाजिक संगठनों को फिर से आंदोलन में सक्रिय करने की मुहीम चालू करने का फैसला किया है । यही नहीं वह सारे जनप्रतिनिधियों के पास जाकर उनसे इस मामले में पहल करने की भी बात रखेगी।

गौरतलब है कि हाल ही में हाई कोर्ट में राज्य सरकार के द्वारा दाखिल किए गए शपथ पत्र जिसमें 4c एयरपोर्ट बनाने तथा रक्षा मंत्रालय से जमीन वापसी की कोई समय सीमा न देने के कारण हाई कोर्ट  ने भी राज्य सरकार को फटकार लगाई थी। इस समाचार के प्रसारित होने के बाद विभिन्न जन संगठनों आदि ने समिति के सदस्यों से संपर्क करके कहा कि एक बार फिर से इस मामले में जन आंदोलन को फिर से तेज किए जाने की जरूरत है।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने कहा कि यह देखते हुए कि भारत और पाकिस्तान में जारी संघर्ष में युद्ध विराम की घोषणा हुई है अतः अब बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के विकास के लिए जनमुहिम तेज की जा सकती है । अतः इस कार्य को शीघ्र ही अंजाम दिया जाएगा।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का महा धरना आज भी जारी रहा इसमें सर्व श्री रवि बनर्जी ,अनिल गुलहरे, बद्री यादव ,मोहन जायसवाल, पूर्व महापौर रामशरण यादव, प्रेमदास मानिकपुरी ,देवेंद्र सिंह ठाकुर, समीर अहमद बबला, अशोक भंडारी, महेश दुबे टाटा, रणजीत सिंह खनूजा ,शिव मुदलियार ,आशुतोष शर्मा, संतोष पीपलवा ,डॉक्टर प्रदीप कुमार राही ,चंद्र प्रकाश जायसवाल, गौरव आरी ,स्वर्ण शुक्ला ,रमाशंकर बघेल, राकेश शर्मा ,प्रतीक तिवारी, गोपाल दुबे ,अखिल अली, साबर अली और सुदीप श्रीवास्तव शामिल थे।

Chief Editor

छत्तीसगढ़ के ऐसे पत्रकार, जिन्होने पत्रकारिता के सभी क्षेत्रों में काम किया 1984 में ग्रामीण क्षेत्र से संवाददाता के रूप में काम शुरू किया। 1986 में बिलासपुर के दैनिक लोकस्वर में उपसंपादक बन गए। 1987 से 2000 तक दिल्ली इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के राष्ट्रीय अखबार जनसत्ता में बिलासपुर संभाग के संवाददाता के रूप में सेवाएं दीं। 1991 में नवभारत बिलासपुर में उपसंपादक बने और 2003 तक सेवाएं दी। इस दौरान राजनैतिक विश्लेषण के साथ ही कई चुनावों में समीक्षा की।1991 में आकाशवाणी बिलासपुर में एनाउँसर-कम्पियर के रूप में सेवाएं दी और 2002 में दूरदर्शन के लिए स्थानीय साहित्यकारों के विशेष इंटरव्यू तैयार किए ।1996 में बीबीसी को भी समाचार के रूप में सहयोग किया। 2003 में सहारा समय रायपुर में सीनियर रिपोर्टर बने। 2005 में दैनिक हरिभूमि बिलासपुर संस्करण के स्थानीय संपादक बने। 2009 से स्वतंत्र पत्रकार के रूप में बिलासपुर के स्थानीय न्यूज चैनल ग्रैण्ड के संपादक की जिम्मेदारी निभाते रहे । छत्तीसगढ़ और स्थानीय खबरों के लिए www.cgwall.com वेब पोर्टल शुरू किया। इस तरह अखबार, रेडियो , टीवी और अब वेबमीडिया में काम करते हुए मीडिया के सभी क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है।
Back to top button