Cg news: रायपुर की राइस मिल में छिपा था नाबालिग का आरोपी, कोंडागांव पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

Cg news।कोंडागांव/रायपुर: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने एक महीने की कड़ी मशक्कत के बाद रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी गजेंद्र पटेल, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए रायपुर की एक राइस मिल में मजदूर बनकर छिपा हुआ था, अब पुलिस की गिरफ्त में है।
कोंडागांव की उरंदाबेड़ा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपी को धर दबोचा और उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया है।
यह पूरा मामला जनवरी 2025 का है, जब एक गांव में आयोजित जगराता कार्यक्रम के दौरान आरोपी गजेंद्र पटेल की मुलाकात नाबालिग पीड़िता से हुई थी।
आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता को विश्वास में लिया और एक सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ अनाचार किया। वारदात के बाद आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।
दिसंबर 2025 में जब पीड़िता की माता ने साहस जुटाकर उरंदाबेड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, तब पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के बाद से ही आरोपी अपनी पहचान छिपाकर फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर गठित विशेष टीम को तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र के जरिए सूचना मिली कि आरोपी रायपुर जिले के दोन्देकला स्थित पीडीएम राइस मिल में काम कर रहा है। पुलिस टीम ने जब मिल में दबिश दी, तो आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।





