CG News/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल में पदस्थ एक अधिकारी पर प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से कार्यरत महिला कर्मचारी ने यौन उत्पीड़न और नौकरी से हटाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि अधिकारी अपने पद का कथित दुरुपयोग करते हुए उस पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा है। विरोध करने पर उसे काम से निकालने की धमकी दी जा रही है।

मामले में महिला ने रेल मंत्री, राज्य महिला आयोग और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार, महिला रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग में पदस्थ अधिकारी के अधीन काम करती है। महिला का आरोप है कि अधिकारी उस पर यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था। जब उसने इसका विरोध किया, तो उसे नौकरी से हटाने की धमकी मिलने लगी। लगातार दबाव और नौकरी जाने की आशंका से परेशान होकर महिला ने संबंधित अधिकारियों और शिकायत मंचों का रुख किया।

महिला ने अपनी शिकायत में सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। बताया गया है कि शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर बिल्हा विकासखंड के रानी दुर्गावती नगर क्षेत्र से दर्ज कराई गई है। महिला ने रेल मंत्री और राज्य महिला आयोग के समक्ष भी अपनी शिकायत रखी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत को जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के पास जांच के लिए भेजा गया है। संबंधित अधिकारी को प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल जांच प्रक्रियाधीन बताई जा रही है।

अब जांच में महिला की शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल संबंधित रेल अधिकारी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।