स्कूल परिसर में बर्बरता: डांस कार्यक्रम के दौरान नाबालिग पर बेल्ट-डंडे से हमला, वीडियो बनाने पर भड़के आरोपी
मुक्कों, डंडों और बेल्ट से नाबालिग पर हमला

बिलासपुर…कोनी थाना क्षेत्र के कछार गांव स्थित शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में आयोजित डांस कार्यक्रम उस वक्त हिंसा का अखाड़ा बन गया, जब एक नाबालिग छात्र पर सिर्फ मोबाइल से वीडियो बनाने के कारण जानलेवा हमला कर दिया गया।
पीड़ित 17 वर्षीय आर्यन कुमार कुर्रे, निवासी कछार सतनामीपारा, अपने साथियों के साथ कार्यक्रम देखने पहुंचा था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान एक युवती ने उसे मोबाइल देकर डांस का वीडियो बनाने को कहा। आर्यन जैसे ही रिकॉर्डिंग करने लगा, मौके पर मौजूद दुर्गेश भोई, रितिक भोई और हेमलाल साहू भड़क गए।
तीनों आरोपियों ने पहले मां-बहन की अश्लील गालियां दीं, फिर जान से मारने की धमकी देते हुए मुक्कों, डंडों और बेल्ट से नाबालिग पर हमला कर दिया। मारपीट में आर्यन के दाहिने हाथ, पीठ, होंठ और सिर में गंभीर चोटें आईं।
बीच-बचाव करने पहुंचे अमन और फेकूराम को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। दोनों के साथ भी लाठी-डंडा और बेल्ट से मारपीट की गई, जिससे स्कूल परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष थाना कोनी पहुंचा, जहां पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के दिन स्कूल परिसर में हुई इस हिंसक घटना ने आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक संयम दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





