LIVE UPDATE
Bilaspur

रात में टूटा कांटा घर, सुबह खुला राज—एनटीपीसी चोरी में छह आरोपी और तीन खरीदार गिरफ्तार

एनटीपीसी कांटा घर से उड़ाया 4.33 लाख का माल, पूरा गिरोह गिरफ्त में

बिलासपुर…एनटीपीसी सीपत परियोजना क्षेत्र में स्थित फ्लाई ऐश कांटा घर से हुई लाखों की चोरी का सीपत पुलिस ने खुलासा कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों, दो विधि से संघर्षरत बालकों और चोरी का माल खरीदने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 4.33 लाख रुपये मूल्य का शत-प्रतिशत चोरी का सामान बरामद किया गया है।

मामला ग्राम कौड़िया के समीप स्थित राखड़ डेम क्षेत्र का है, जहां एनटीपीसी के दो कंटेनरनुमा कांटा घरों के ताले तोड़कर अज्ञात आरोपियों ने रात के समय कंप्यूटर, एसी, इन्वर्टर, प्रिंटर सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में एनटीपीसी सीपत के ऐश मैनेजमेंट विभाग में पदस्थ अपर महाप्रबंधक द्वारा थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी सीपत के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जांजी क्षेत्र के युवकों पर संदेह जताया गया। पूछताछ में आरोपी विष्णु सोनकर ने अपने साथियों अमन खरे, गुलशन कुमार बंजारे, यश कुमार डोंगरे और दो अपचारी बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान तथा उसे खरीदने वाले तीन व्यक्तियों से भी सामग्री बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपियों से दो एसी, बैटरी सहित दो इन्वर्टर, तीन डिस्प्ले यूनिट, दो कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, टेबल-कुर्सी सहित पूरा मशरूका जब्त किया है। चारों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि दो अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर चोरी के मामले का खुलासा करने पर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्रवाई करने वाली टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

कार्रवाई में उप निरीक्षक धर्मेंद्र यादव सहित आरक्षक मनहरण सिंह, शरद साहू, रामसनेही साहू, प्रकाश जगत और नितिश कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close