LIVE UPDATE
BilaspurChhattisgarh

खून के रिश्ते ने किया खून— पिता ने की मासूम बेटे की कुचलकर हत्या .. मां की हालत गंभीर

अंबिकापुर…छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग को 19 सितंबर की रात एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात ने झकझोर दिया, जिसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम करजी में नशे में धुत एक पिता ने अपने ही दो वर्षीय मासूम बेटे को जमीन पर पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

विवाद ने छीनी मासूम की जिंदगी

आरोपी पिता जुगलाल सिंह की पत्नी विनीता सिंह से लंबे समय से अनबन चल रही थी। शराब की लत और आए दिन मारपीट से परेशान विनीता पिछले एक साल से अपने मायके मैनपाट के रोपाखार गांव में रह रही थीं। जुगलाल ने 2022 में विनीता से शादी की थी, लेकिन वैवाहिक जीवन शुरू से ही कलह और हिंसा में घिर गया।

 हत्या के बाद फोन पर कबूलनामा

शराब के नशे में जुगलाल ने गुस्से और आक्रोश में अपने दो वर्षीय बेटे हर्षित को बेरहमी से पटककर उसकी जान ले ली। इसके बाद उसने खुद अपनी पत्नी को फोन कर कहा—“मैंने बेटे को मार डाला।” यह सुनकर विनीता और उनका परिवार सन्न रह गया। बाद में जुगलाल ने दोबारा फोन कर पुष्टि की कि बच्चा अब इस दुनिया में नहीं रहा।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

ग्रामीणों की सूचना पर दरिमा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। अंबिकापुर CSP राहुल बंसल ने बताया कि आरोपी पिता को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायिक रिमांड पर अंबिकापुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। जुगलाल सिंह के खिलाफ बेटे की हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

इलाके में दहशत और आक्रोश

सिर्फ करजी गांव ही नहीं, बल्कि पूरे सरगुजा इलाके में इस वारदात से लोगों के बीच दहशत और गुस्सा है। ग्रामीण हैरान हैं कि एक पिता अपने ही कलेजे के टुकड़े का हत्यारा कैसे बन सकता है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close