LIVE UPDATE
Bilaspur

मुक्तिधाम के साए में चलता रहा गैस का काला धंधा — सैकड़ों सिलेंडर के साथ नेटवर्क उजागर, “बिलासपुर में गैस माफिया का बड़ा भंडाफोड़

“गैस के काले कारोबार का पर्दाफाश — मुक्तिधाम के पास बना रखा था पूरा नेटवर्क”

बिलासपुर… शहर के बीचों-बीच चल रहे एलपीजी के अवैध खेल पर खाद्य विभाग ने आज ऐसा खुलासा किया, जिसने पूरे नेटवर्क की परतें खोल दीं। मधुबन और दयालबंद क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास की गई छापेमारी में घरेलू गैस सिलेंडरों का बड़ा जखीरा और भारी मात्रा में उपकरण सामने आए। यह कार्रवाई साफ करती है कि कालाबाजारी सिर्फ अंदेशा नहीं, बल्कि संगठित स्तर पर संचालित हो रही थी।

जांच के दौरान मौके से 14.2 किलोग्राम के 100 घरेलू सिलेंडर और 5 किलोग्राम के 263 सिलेंडर बरामद किए गए। इसके साथ ही 8 बोरियों में भरे चूल्हा बर्नर, 6 कार्टून और खुले में रखे 25 रेगुलेटर, तथा 25 प्रेशर वाल्व 5-5 के बंडल में जब्त किए गए। पूरा स्टॉक अवैध रूप से भंडारित कर ऊंचे दामों पर खपाने की तैयारी में रखा गया था।

यह कोई एक दिन की कहानी नहीं है। जिले में चल रहे विशेष अभियान के तहत अब तक 8 प्रकरणों में 310 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से साफ है कि अवैध सप्लाई का जाल लंबे समय से सक्रिय था, जिस पर अब सख्ती से अंकुश लगाया जा रहा है।

खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी 35 एजेंसियों में स्टॉक मौजूद है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं, केवल नियमानुसार बुकिंग कर निर्धारित दर पर ही सिलेंडर लें।

साथ ही यह भी दो टूक कहा गया है कि अवैध भंडारण, अधिक कीमत पर बिक्री या कालाबाजारी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की टीमें लगातार निगरानी में हैं और सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close