LIVE UPDATE
Chhattisgarh

Balrampur News: अफीम की खेती का खुलासा; 9 एकड़ में लहलहा रही फसल

Balrampur News।बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में नशीली फसलों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम त्रिपुरी में साढ़े तीन एकड़ में लगी अफीम की फसल को नष्ट करने के तुरंत बाद, अब इसी थाने के ग्राम चंदाडांडी में अफीम की खेती का एक और बड़ा मामला सामने आया है।

Balrampur News।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यहां लगभग 9 एकड़ के विशाल रकबे में अफीम की खेती की जा रही है।बुधवार रात मिली जानकारी के अनुसार, प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने चंदाडांडी इलाके को चारों ओर से घेर लिया है।

ग्रामीणों के हवाले से खबर है कि खेत के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और किसी भी बाहरी व्यक्ति या ग्रामीण को खेत की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट अनुसार जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के भी मौके पर पहुंचने की सूचना है।

हैरानी की बात यह है कि जिस इलाके में यह अफीम की खेती पाई गई है, वह सांसद के गृह ग्राम के काफी करीब बताया जा रहा है। इतनी बड़ी मात्रा में नशीली फसल का मिलना क्षेत्र में सुरक्षा और खुफिया तंत्र पर भी सवाल खड़े कर रहा है।

फिलहाल, अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। आधिकारिक तौर पर पुष्टि होना अभी बाकी है, लेकिन प्रशासन ने इलाके में व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया है।

इससे पहले, आज दिनभर कुसमी के ही ग्राम त्रिपुरी में प्रशासन ने साढ़े तीन एकड़ में लगी अफीम की फसल को ट्रैक्टर चलाकर नष्ट किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि दुर्गम पहाड़ी और जंगलों की आड़ में तस्करों द्वारा अफीम की अवैध खेती की जा रही है। त्रिपुरी की कार्रवाई खत्म होते ही चंदाडांडी में 9 एकड़ के नए मामले ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन अवैध फसलों के पीछे किन अंतरराज्यीय गिरोहों का हाथ है और स्थानीय स्तर पर इन्हें किसका संरक्षण प्राप्त था। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जिले में और भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Back to top button