LIVE UPDATE
Chhattisgarh

आंगनवाड़ी भर्ती घोटाला: कलेक्टर ने दिया आदेश…चार सहायिकाओं पर अपराध दर्ज..

बलरामपुर (पृथ्वी लाल केशरी): जिले के शंकरगढ़ विकासखंड में आंगनवाड़ी सहायिका भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी उजागर होने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता गायत्री पत्नी हेमंत कुमार ने बलरामपुर कलेक्टर को शिकायत दी थी कि कुछ उम्मीदवारों ने फर्जी अंकसूची लगाकर नियुक्ति हासिल की है।

शिकायत के आधार पर कलेक्टर ने एक जांच टीम गठित की, जिसमें जिला शिक्षा अधिकारी और एसडीएम शंकरगढ़ शामिल थे। टीम ने शंकरगढ़ के 8 आंगनवाड़ी केंद्रों—बहेराटोली, जारगीम, कटहरपारा, महुआडीह, धाजापाठ, कोठली, डूमर पानी और बेलकोना—में भर्ती प्रक्रिया की जांच की।

जांच में पाया गया कि अरमाना पत्नी शमसेर आलम निवासी  ग्राम जारगीम, रिजवाना पत्नी अमरूद्दीन निवासी  ग्राम महुआडीह, प्रियंका यादव पत्नी आशीष यादव निवासी ग्राम कोठली और सुशीला सिंह पत्नी उमाशंकर  निवासी ग्राम बेलकोना ने अजीजी पब्लिक स्कूल भगवतपुर कुसमी की फर्जी 8वीं कक्षा अंकसूची का उपयोग कर नौकरी हासिल की थी।

कलेक्टर के आदेश पर शंकरगढ़ थाना में चारों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 318(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कलेक्टर बलरामपुर ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि  फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर नौकरी पाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button