Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में मौसम ने ली करवट: बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी, तापमान में स्थिरता बनी रहेगी

Cg weather।छत्तीसगढ़ में गर्मी से परेशान लोगों को मौसम परिवर्तन ने राहत दी है। प्रदेश के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और विभिन्न द्रोणिकाओं के सक्रिय प्रभाव के चलते बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही बादलों की गरज और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, जिससे वातावरण में अचानक बदलाव देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ इस समय दक्षिण पंजाब, उत्तर राजस्थान और पश्चिम हरियाणा के ऊपर ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही एक उत्तर-दक्षिण दिशा की द्रोणिका पंजाब से होते हुए कर्नाटक और उत्तर केरल तक लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है।

इसके अतिरिक्त, एक पूर्व-पश्चिम दिशा की द्रोणिका उत्तर पूर्व राजस्थान से होते हुए उत्तर मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़, झारखंड और बांग्लादेश तक विस्तारित है।

इन मौसमी सिस्टम्स के चलते प्रदेश में आज कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गरज चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। हालांकि, अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है और यह स्थिति आगामी 4 मई तक बनी रह सकती है।

बीते 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पेण्ड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आज रायपुर में आकाश आंशिक रूप से मेघाच्छादित रहेगा और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Back to top button