Employees News: अनुबंध कर्मियों की नियमितीकरण और डॉक्टरों के वेतन में बढ़ोतरी का ऐलान
हिमाचल प्रदेश कैबिनेट ने 31 मार्च 2025 तक अपना दो वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके अनुबंध कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने का निर्णय लिया गया।

Employees News: हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के हजारों कर्मचारियों और डॉक्टरों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शनिवार को हुई कैबिनेट बैठक में दो महत्वपूर्ण फैसले लिए गए, जो राज्य के कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करते हैं।
सरकार ने न सिर्फ अनुबंध, दैनिक वेतनभोगी और आकस्मिक भुगतान कर्मियों को नियमित करने का निर्णय लिया है, बल्कि स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े सीनियर रेजिडेंट, ट्यूटर स्पेशलिस्ट और सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की घोषणा की है।
बैठक में लिए गए फैसले के मुताबिक, जो अनुबंध कर्मचारी 31 मार्च 2025 तक दो साल की सेवा पूरी कर लेंगे, उन्हें नियमित किया जाएगा। वहीं जिन दैनिक वेतनभोगी और आकस्मिक भुगतान कर्मचारियों ने लगातार चार साल सेवा दी है, उन्हें भी नियमित किया जाएगा।
यह फैसला प्रदेश भर में कार्यरत हजारों कर्मचारियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा, जो लंबे समय से अपने भविष्य को लेकर असमंजस में थे।
सिर्फ यही नहीं, सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सेवाएं दे रहे डॉक्टरों को भी राहत दी है। सीनियर रेजिडेंट, ट्यूटर स्पेशलिस्ट और सुपर स्पेशलिस्ट के मानदेय में वृद्धि कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया गया है। इससे ना सिर्फ डॉक्टरों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता भी बेहतर होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि इससे पहले मार्च में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के 3.50 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 58,514 करोड़ का बजट पेश किया था, जिसमें 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की घोषणा की गई थी।
यह नई दरें 15 मई 2025 से लागू होंगी। साथ ही 70 से 75 वर्ष के पेंशनर्स को उसी तारीख से एरियर भुगतान भी शुरू किया जाएगा। चतुर्थ श्रेणी से लेकर प्रथम श्रेणी अधिकारियों तक के एरियर का वितरण चरणबद्ध रूप से किया जाएगा, जिससे 1.75 लाख से अधिक कर्मचारियों को सीधा लाभ पहुंचेगा।