CG News- आईपीएल ऑनलाइन सट्टा रैकेट पर धमतरी पुलिस की कार्रवाई

धमतरी। आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान आनलाइन सट्टा संचालित करने वालों पर धमतरी पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है।
इसी कड़ी में गुरुवार काे सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को आनलाइन सट्टा संचालित करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मोबाइल फोन, स्कूटर और नगदी सहित कुल एक लाख 31 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अवैध जुआ, सट्टा और ऑनलाइन गतिविधियों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। तकनीकी निगरानी के जरिए आनलाइन सट्टा नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमातालाब रोड स्थित यादव भवन के पास एक युवक मोबाइल के जरिए आईपीएल टी-20 मैच में ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान रामसागरपारा निवासी संस्कार ग्वाल रामसागरपारा धमतरी को संदेहास्पद स्थिति में पकड़ा गया। पूछताछ और तलाशी में उसके मोबाइल फोन में वेबसाइट के माध्यम से आईपीएल मैच पर हार-जीत का दांव लगाए जाने की जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार आरोपित अपने बैंक खाते के जरिए पैसों का लेन-देन भी कर रहा था। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक मोबाइल फोन, जुपिटर स्कूटर क्रमांक तथा 1600 रुपये नगद जब्त किए।
जब्त संपत्ति की कुल कीमत एक लाख 31 हजार 600 रुपये बताई गई है। मामले में आरोपित के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी आनलाइन आईपीएल सट्टा से जुड़े कई मामलों में मुख्य आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।





