महिला से छेड़छाड़ व विरोध करने पर पति से मारपीट का मामला, दो गिरफ्तार

रायगढ़। दिशा मैदान के लिये निकली महिला को रास्ते में रोककर अश्लील हरकतें करने और पति के द्वारा विरोध करने पर मारपीट करने के मामले में कोतरा रोड पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 04 मई को थाना कोतरारोड क्षेत्र की एक स्थानीय महिला द्वारा थाना पहुंचकर लिखित आवेदन प्रस्तुत कर अपने साथ हुई छेड़छाड़ और पति के साथ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
महिला ने बताया कि 03 मई को वह अपने मायके जिला सक्ती से अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से वापस रायगढ़ लौट रही थी। रास्ते में ग्राम बैसपाली के पास मोटरसाइकिल खराब हो जाने पर दोनों पैदल वाहन को ढकेलते हुए आ रहे थे।
ग्राम कुसमुरा तालाब के पास महिला शौच के लिए गई थी, तभी कार से पहुंचे दो व्यक्तियों ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। महिला के पति द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर मारपीट की तथा पुलिस बुलाने की बात कहने पर धमकी दी।
महिला ने साहस दिखाते हुए दोनों आरोपियों की मोबाइल से फोटो खींच ली और अगले दिन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
महिला की शिकायत पर थाना कोतरारोड में आरोपियों के विरुद्ध अपराध धारा 75(2), 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। महिला का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद आरोपियों की पहचान चौतन्य राणा और उत्तरा कुमार श्रीवास के रूप में हुई। पुलिस टीम ने तत्काल दोनों आरोपियों के घर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया।





