CG Paddy Purchase – धान खरीदी में तौलाई-भराई की राशि किसानों को दिलाने की मांग

CG Paddy Purchase/राजपुर। धान खरीदी केंद्रों में किसानों से ली जाने वाली तौलाई, भराई, सुतली और पलटी की राशि वापस दिलाने की मांग को लेकर भाजपा किसान मोर्चा ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने इस संबंध में ज्ञापन सौंपकर किसानों की राशि सीधे उनके खातों में जमा कराने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रतिवर्ष समितियों के माध्यम से लाखों क्विंटल धान की खरीदी की जाती है। धान बेचने पहुंचे किसानों से तौलाई, भराई, पलटी और सुतली आदि के नाम पर राशि ली जाती है। समिति प्रबंधकों द्वारा किसानों को बाद में यह राशि लौटाने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन अधिकांश किसानों को भुगतान नहीं मिल पाता।
भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि बलरामपुर जिले की विभिन्न समितियों में किसानों से ली गई यह राशि अब तक उनके खातों में जमा नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि यह राशि लाखों रुपए में है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जिले की सभी समितियों में धान खरीदी के दौरान किसानों से ली गई तौलाई-भराई की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा कराई जाए, ताकि किसानों को उनका अधिकार मिल सके।CG Paddy Purchase





