LIVE UPDATE
Chhattisgarh

फरसाबहार बना शिक्षा का मॉडल: 5वीं-8वीं में 100 फीसदी रिजल्ट, 10वीं-12वीं में छात्रों ने लहराया परचम

सत्र 2025-26 में 10वीं, 12वीं सहित केंद्रीकृत परीक्षाओं 5वीं और 8वीं के परीक्षा परिणामों ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया है। उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों को लेकर बनगांव में आयोजित सुशासन शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों का सम्मान किया गया।

फरसाबहार।जशपुर जिले के विकासखंड फरसाबहार ने इस वर्ष शिक्षा के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल कर एक नई मिसाल पेश की है।

सत्र 2025-26 में 10वीं, 12वीं सहित केंद्रीकृत परीक्षाओं 5वीं और 8वीं के परीक्षा परिणामों ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया है। उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों को लेकर बनगांव में आयोजित सुशासन शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों का सम्मान किया गया।

शिक्षा विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कक्षा 10वीं में विकासखंड फरसाबहार का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.45 प्रतिशत रहा।

खास बात यह रही कि 106 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं कक्षा 12वीं का परिणाम भी बेहद शानदार रहा, जहां उत्तीर्ण प्रतिशत 96.61 प्रतिशत दर्ज किया गया और 49 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए।

केवल बोर्ड परीक्षाओं में ही नहीं, बल्कि केंद्रीकृत परीक्षाओं में भी फरसाबहार के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

कक्षा 5वीं में कुल 1731 विद्यार्थियों में से 1726 ने परीक्षा दी और सभी छात्र सफल रहे। इसी तरह कक्षा 8वीं में 1794 विद्यार्थियों में से 1762 विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया और सभी ने सफलता प्राप्त की। इस तरह दोनों कक्षाओं का परिणाम 100 प्रतिशत रहा, जो शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव को दर्शाता है।

बनगांव सुशासन शिविर के दौरान शिक्षा विभाग ने हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा में संकुल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। साथ ही कक्षा 10वीं और 12वीं के टॉप विद्यार्थियों को भी मुख्य अतिथियों के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन में बनगांव शिविर अंतर्गत शामिल 9 संकुलों के 7 हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के कुल 35 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मान मिला।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सफलता पर पालकों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने खुशी जताते हुए सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत फरसाबहार की अध्यक्ष श्रीमती हेमंती साय रहीं, जबकि अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य वेद प्रकाश भगत ने की।

विशेष अतिथि के रूप में भरत साय उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार फरसाबहार और जनपद पंचायत के सीईओ सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
close