CG News-शादी का झांसा देकर ठगी: ऑनलाइन रिश्ते के नाम पर युवक से 14 हजार की ठगी, जांच में जुटी पुलिस
सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी के दानीटोला वार्ड निवासी रवि बघेल ने थाना में लिखित शिकायत कर बताया है कि उसने विवाह के लिए अपना बायोडाटा मोबाइल के एक ग्रुप में डाला था।

CG News/धमतरी/धमतरी में ऑनलाइन मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म के जरिए शादी का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक युवक से किस्तों में 14 हजार रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने सिटी कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी के दानीटोला वार्ड निवासी रवि बघेल ने विवाह के लिए अपना बायोडाटा एक मोबाइल ग्रुप में साझा किया था। इसके बाद उनके पास एक महिला का कॉल आया, जिसने खुद को ‘जया’ बताते हुए एक योग्य लड़की से शादी कराने का भरोसा दिलाया। महिला ने युवक को ‘यूनिक रिश्ते’ नामक वेबसाइट से जोड़ने का सुझाव दिया और उसका आईडी-पासवर्ड भी तैयार कराया।
आरोप है कि महिला ने प्रोफाइल एक्टिवेशन, प्रोसेसिंग फीस और मीटिंग के नाम पर अलग-अलग चरणों में युवक से कुल 14 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से जमा करवा लिए। इस दौरान महिला ने युवक की बात कांकेर की एक युवती से भी कराई, जिससे कुछ दिनों तक बातचीत होने पर उसे विश्वास हो गया कि रिश्ता आगे बढ़ रहा है।
हालांकि कुछ समय बाद अचानक महिला और युवती दोनों के मोबाइल नंबर बंद हो गए। संपर्क नहीं होने पर युवक ने युवती के घरवालों से बात की, जहां उसे बताया गया कि उनकी बेटी घर से भाग गई है। इसके बाद युवक को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस का कहना है कि मामला ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़ा है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।





