Bilaspur
LPG, पेट्रोल-डीजल भरपूर, कलेक्टर ने कहा—घबराने की जरूरत नहीं
38 गैस एजेंसियों और 171 पेट्रोल पंपों में पर्याप्त स्टॉक;

बिलासपुर…जिले में ईंधन की कमी को लेकर फैल रही चर्चाओं के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। बिलासपुर में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी कमी जैसी स्थिति नहीं है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन की खरीदी करें।
हर स्तर पर पर्याप्त स्टॉक
Join WhatsApp Group यहाँ क्लिक करे
जिले की 38 गैस एजेंसियों में घरेलू उपयोग के लिए 9489 एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि व्यावसायिक श्रेणी के 247 सिलेंडर भी स्टॉक में हैं। इसके अलावा 171 पेट्रोल पंपों पर भी ईंधन की उपलब्धता पूरी तरह संतोषजनक बताई गई है।
पेट्रोल-डीजल का मजबूत भंडार
वर्तमान आंकड़ों के मुताबिक जिले में पेट्रोल 1209 किलोलिटर और डीजल 1429 किलोलिटर उपलब्ध है। यह मात्रा मौजूदा मांग के हिसाब से पर्याप्त मानी जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी की आशंका नहीं है।
अफवाहों से बचें, संयम रखें
कलेक्टर ने साफ कहा कि किसी भी तरह की घबराहट या अनावश्यक भंडारण की जरूरत नहीं है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है और आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।





