LIVE UPDATE
Bilaspur

पैनिक नहीं, पर्याप्त है एलपीजी: कलेक्टर की एजेंसियों को सख्त चेतावनी…निगरानी का दिया आदेश की

होटल-उद्योग को फिलहाल रोक, घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित सिलेंडर

बिलासपुर… अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और ईरान युद्ध से बने माहौल के बीच बिलासपुर जिले में एलपीजी आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य विभाग के अधिकारियों और गैस वितरकों की बैठक लेकर व्यवस्था का आकलन किया और स्पष्ट कहा कि जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। उपभोक्ताओं को घबराकर सिलेंडर जमा करने की जरूरत नहीं है।

व्यावसायिक गैस आपूर्ति फिलहाल बंद

बैठक में कलेक्टर ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मौजूदा स्थिति को देखते हुए होटल और उद्योगों में उपयोग होने वाले व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति फिलहाल रोक दी गई है। हालांकि अस्पतालों और स्कूलों को उनकी वास्तविक जरूरत के अनुसार गैस उपलब्ध कराई जा रही है।

ब्लैक मार्केटिंग पर सख्त निगरानी

कलेक्टर ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का किसी भी प्रकार से व्यावसायिक उपयोग न होने दें। वितरण व्यवस्था की निगरानी एजेंसी संचालक स्वयं करें और इसे केवल कर्मचारियों के भरोसे न छोड़ें। अनधिकृत व्यक्ति को सिलेंडर देने या ब्लैक मार्केटिंग जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए।

जिले में 4.80 लाख कनेक्शन

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में घरेलू गैस के लगभग 4.80 लाख कनेक्शन हैं। तीन ऑयल कंपनियों के 38 गैस वितरकों के माध्यम से आपूर्ति होती है, जिनमें 22 वितरक बिलासपुर शहर में संचालित हैं। वर्तमान में जिले में प्रतिदिन करीब 5 हजार सिलेंडरों की डिलीवरी हो रही है और पिछले 10 दिनों से यही आपूर्ति दर जारी है।

बुकिंग अवधि 21 से बढ़ाकर 25 दिन

गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। बैठक में गैस वितरकों ने शहर में लागू नो-एंट्री प्रतिबंध में राहत देने की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया।

अफवाहों से दूर रहने की अपील

कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक में आकर गैस सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण न करें। जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य है।

ये रहे मौजूद

बैठक में खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, एएफओ राजीव लोचन तिवारी, कंपनी के नोडल अधिकारी हेम प्रकाश साहू, गैस वितरक संघ के जिला अध्यक्ष सुभाष जायसवाल सहित सभी गैस वितरक मौजूद रहे।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button