LIVE UPDATE
Bilaspur

नशे के सौदागरों पर महाअभियान: 12 केस, 14 गिरफ्तार… लाखों की गांजा-टेबलेट बरामद, गांव-शहर तक ताबड़तोड़ रेड

5.66 लाख की जप्ती, महिला गांजा विक्रेता गिरफ्तार

बिलासपुर…जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने ऐसा समन्वित और व्यापक अभियान चलाया, जिसने अवैध तस्करी के नेटवर्क को एक साथ कई मोर्चों पर झटका दिया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में एनडीपीएस एक्ट के तहत 12 प्रकरण दर्ज कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अलग-अलग कार्रवाई में गांजा और महुआ शराब के मामलों में अतिरिक्त गिरफ्तारी भी हुई।

अभियान के दौरान गांजा, प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, भारी मात्रा में नगदी और महुआ शराब जप्त की गई। कुल मिलाकर लाखों रुपये की अवैध सामग्री जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

कोटा: 5.66 लाख की जप्ती, महिला गिरफ्तार

थाना कोटा क्षेत्र के ग्राम गनियारी में 900 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 40,000 रुपये) और 5,26,000 रुपये की बिक्री रकम के साथ 25 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया गया। कुल जप्ती 5,66,000 रुपये आंकी गई। आरोपी को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

सरकंडा: टेबलेट और गांजा के साथ तीन गिरफ्तारी

थाना सरकंडा क्षेत्र में 2925 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट (438.750 ग्राम) के साथ एक महिला गिरफ्तार की गई। वहीं दो अन्य मामलों में 1 किलो 200 ग्राम और 1 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को पकड़ा गया।

सिविल लाइन और बेलगहना: तस्करी पर प्रहार

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 280 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी गिरफ्तार हुआ। चौकी बेलगहना में 300 ग्राम गांजा, तराजू-बाट और 16,000 रुपये नगद के साथ आरोपी पकड़ा गया।

सीपत, कोनी, रतनपुर, बिल्हा, सिरगिट्टी: लगातार दबिश

सीपत में 2 किलो गांजा, कोनी में 1 किलो 256 ग्राम गांजा और मोबाइल फोन, रतनपुर में 225 ग्राम गांजा व नगदी, बिल्हा में 124 ग्राम गांजा तथा सिरगिट्टी में दो अलग-अलग मामलों में 240 ग्राम और 360 ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार किए गए।

रतनपुर: महुआ शराब के साथ कार्रवाई

रतनपुर क्षेत्र में 30 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त कर आरोपी को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।

इन सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई जारी है। जप्त सामग्री का नियमानुसार तौल, सीलिंग और नमूना प्रक्रिया पूरी की गई है।

पुलिस कप्तान रजनेश सिंह का बयान

जिला पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने कहा—बिलासपुर जिले में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्यवाही की जा रही है। एनडीपीएस एक्ट के तहत चलाया गया यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। युवाओं को नशे के जाल से बचाना हमारी प्राथमिक प्राथमिकता है। जो भी व्यक्ति इस अवैध कारोबार में संलिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। नागरिकों से अपील है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।”

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close