LIVE UPDATE
Bilaspur

आईजी ने मांगा..लंबित अपराधों का हिसाब.. संवेदनशीलता और सख्ती साथ-साथ दिखे”

डीजे और शोर फैलाने वाले उपकरणों की जब्ती और न्यायालय में पेशी

बिलासपुर… रेंज स्तर की समीक्षा बैठक में पुलिस व्यवस्था को लेकर स्पष्ट और कठोर संकेत दिए गए। रामगोपाल गर्ग ने सोमवार को बिलासपुर में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ लंबी समीक्षा बैठक लेकर अपराध, कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों और शहर की पुलिसिंग व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया। बैठक में रजनेश सिंह सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाने-चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत औपचारिक परिचय से हुई, जिसके बाद जिले की अपराध स्थिति पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसके बाद आईजी ने नगर पुलिस अधीक्षकों से एक-एक कर उनके अनुविभागों—कोतवाली, सिविल लाइन, मस्तूरी, कोटा और अजाक—की स्थिति पर विस्तार से जानकारी ली। अपराधों की प्रकृति, संवेदनशील क्षेत्र, कानून-व्यवस्था की चुनौतियां और कार्रवाई की प्रगति पर सीधे सवाल पूछे गए। जहां जरूरी समझा गया, वहां संबंधित थाना प्रभारियों से भी तथ्यात्मक स्पष्टीकरण लिया गया।

वर्ष 2023 से पहले के लंबित मामलों पर विशेष फोकस करते हुए आईजी ने इन्हें प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। उनका स्पष्ट कहना था कि पुराने प्रकरणों का बोझ पुलिस की विश्वसनीयता को प्रभावित करता है, इसलिए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी बैठक में सख्त रुख सामने आया। स्कूल-कॉलेज परिसरों के आसपास नियमित पेट्रोलिंग, ईव-टीजिंग और छेड़खानी की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई तथा गुंडा प्रवृत्ति के तत्वों के खिलाफ कठोर वैधानिक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। जमानत पर छूटे आदतन अपराधियों के मामलों में भी कानूनी प्रक्रिया के तहत जमानत निरस्तीकरण की पहल करने को कहा गया।

शहर में लागू नए बीट सिस्टम का प्रस्तुतीकरण भी बैठक का प्रमुख हिस्सा रहा। इस व्यवस्था की सराहना करते हुए आईजी ने निर्देश दिया कि वरिष्ठ स्तर से जारी आदेश अंतिम पंक्ति तक स्पष्ट रूप से पहुंचे और फील्ड में उसका असर दिखे। अपराधियों और संदिग्धों के फिंगरप्रिंट डाटाबेस को मजबूत करने तथा ऑनलाइन मिलान के जरिए अपराधों की पतासाजी तेज करने पर भी जोर दिया गया।

थानों में आने वाले फरियादियों के साथ व्यवहार को लेकर आईजी का संदेश स्पष्ट था—संवेदनशीलता के साथ सुनवाई हो और रिपोर्ट दर्ज करने में अनावश्यक विलंब कतई न हो। यातायात व्यवस्था, ध्वनि प्रदूषण और कोलाहल अधिनियम के उल्लंघन पर सख्ती बरतते हुए डीजे और शोर फैलाने वाले उपकरणों की जब्ती और न्यायालय में पेशी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के अंत में गंभीर लंबित अपराधों की अलग से समीक्षा, रेंज साइबर थाना और एआईसीसीयू यूनिट की पृथक मॉनिटरिंग की बात कही गई। समापन संबोधन में यह दोहराया गया कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी निर्देशों के पालन में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं होगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close