अवैध महुआ कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 9 हजार की शराब के साथ महिला दबोची गई
घर के पास चल रहा था अवैध शराब धंधा, महिला आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर… जिले के थाना कोनी क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 45 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त की है। इस मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोनी पुलिस को 8 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घुटकु के स्टेशन पारा क्षेत्र में एक महिला अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बनाकर बिक्री की तैयारी कर रही है।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी महिला के कब्जे से तीन पीले रंग के प्लास्टिक डिब्बों में भरी कुल 45 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 9 हजार रुपये आंकी गई है। शराब रखने के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।
पुलिस ने आरोपी महिला माया फेकर, निवासी स्टेशन पारा ग्राम घुटकु, थाना कोनी को छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले, तो तत्काल स्थानीय थाना या डायल 112 को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।





