LIVE UPDATE
Bilaspur

नाबालिगों को नशे का इंजेक्शन देने वाला आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में दवाइयाँ जप्त

नशे के इंजेक्शन देकर नाबालिगों को फंसाने का मामला उजागर

बिलासपुर…शहर में नाबालिग बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले एक खतरनाक खेल का सिटी कोतवाली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। जूना बिलासपुर क्षेत्र में नाबालिगों को नशे का इंजेक्शन देकर उन्हें लत का शिकार बनाने वाले आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन, टैबलेट और सिरिंज बरामद की गई है।

थाना सिटी कोतवाली पुलिस को 30 जनवरी 2026 को पुख्ता सूचना मिली थी कि जूना बिलासपुर इलाके में एक युवक नाबालिग बच्चों को नशीले इंजेक्शन देकर उन्हें नशे की गिरफ्त में धकेल रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद कुछ नाबालिग बच्चे भाग निकले, जबकि एक संदिग्ध युवक को मौके से दबोच लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमन विश्वकर्मा उर्फ टेंगा (25 वर्ष), निवासी जूना बिलासपुर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 400 नग Avil (Pheniramine Maleate) इंजेक्शन शीशी, Buprenorphine एवं Naloxone टैबलेट, बड़ी संख्या में सिरिंज, नशीली दवाओं की खाली शीशियाँ और 700 रुपये नकद जप्त किए गए।

जांच में सामने आया कि आरोपी इन इंजेक्शनों और दवाइयों को आपस में मिलाकर नाबालिग बच्चों को नशा कराने के लिए इस्तेमाल कर रहा था। यह कृत्य न सिर्फ बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए घातक है, बल्कि उनके पूरे भविष्य को अंधकार में धकेलने वाला अपराध भी है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध जेजे एक्ट की धारा 77 सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 123, 275 और 286 के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close